Move to Jagran APP

बिना डॉक्टर की सलाह दवा खाना खतरनाक

By Edited By: Published: Fri, 19 Apr 2013 01:00 AM (IST)Updated: Fri, 19 Apr 2013 01:09 AM (IST)
बिना डॉक्टर की सलाह दवा खाना खतरनाक

जागरण संवाददाता, आगरा:

loksabha election banner

दोपहर में तेज धूप और शाम को बारिश। कुछ ऐसा ही मौसम का मिजाज है। इससे बच्चे वायरल फीवर, जुकाम और खांसी सहित अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी व निजी अस्पतालों में लाइन लगी हुई। वहीं गायनिक समस्याओं से महिलाएं भी जूझ रही हैं। ऐसे में थोड़ी सी जागरूकता से बीमारियां से बचा जा सकता है। खासकर खांसी, जुकाम में डॉक्टर के परामर्श के बगैर दवाएं खाना खतरनाक हो सकता है। हाई एंटीबायोटिक्स लेने से किडनी सहित अन्य अंगों पर खराब प्रभाव पड़ता है। दैनिक जागरण के हैलो डॉक्टर कार्यक्रम में गुरुवार को वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरोज सिंह व वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष प्रसाद ने पाठकों की समस्याओं को सुना और बचाव के तरीके बताए। विशेषज्ञों के अनुसार जीवन शैली में बदलाव से मधुमेह, ब्लड प्रेशर, हृदय सहित अन्य बीमारियां बढ़ रही हैं। हर दिन सुबह व शाम व्यायाम के साथ टहलना सेहत के लिए फायदेमंद है।

---

सर्वाइकल कैंसर से बचाव का आया टीका

महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर तेजी से बढ़ रहा है। इससे बचाव के लिए अब बाजार में टीके आ गए हैं। इनकी कीमत करीब 2500 रुपये है। डॉ. सरोज सिंह के अनुसार चेकअप के बाद युवतियां टीके लगवा सकती हैं। इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की संभावना नहीं रहती है।

बीमारियों से बचाता है स्तनपान

प्रसव के बाद महिलाओं को कई तरह की बीमारियों की संभावना रहती है। ऐसी महिलाएं जो बच्चों को स्तनपान कराती हैं, उनमें बीमारियां कम होती हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष प्रसाद के अनुसार माताओं को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है।

गर्मी में सावधान रहें गर्भवती महिलाएं

गर्मी में गर्भवती महिलाओं को सूती कपड़े पहनने चाहिए। पार्टी या फिर अन्य किसी कार्यक्रम में ज्यादा चुस्त कपड़े पहनने से गर्भ में पल रहे शिशु को भी परेशानी होती है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरोज सिंह के अनुसार गर्मी में गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। पानी खूब पीना चाहिए। इससे बच्चे की ग्रोथ ठीक होती है। साथ ही पेशाब संबंधी इन्फेक्शन की संभावना कम रहती है।

बच्चों में बीमारी बन रहा मोटापा

बच्चों में मोटापा बीमारी बनती जा रही है। इसके चलते कम उम्र में दूसरी बीमारियां हो रही हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष प्रसाद के अनुसार फास्ट फूड का अधिक प्रयोग इसके लिए जिम्मेदार है। जागरूकता से ही बच्चों को भविष्य में होने वाली बीमारियों से बचाया जा सकता है।

-------

सवाल : पेट में अक्सर दर्द रहता है, उपाय बताएं ?

सोनिया सिंह, बिचपुरी, संजीव बघेल एटा, राम कुमार मथुरा

जवाब : मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव आ रहा है। पानी उबाल कर पिएं। डॉक्टर से परामर्श लें।

सवाल : पिछले पांच दिनों से बेटे को बुखार आ रहा है। टायफाइड तो नहीं है?

रमाकांत श्रीवास्तव, फतेहपुरसीकरी

जवाब : वायरल फीवर में अक्सर ऐसा होता है। बच्चे को फौरन किसी बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाएं।

सवाल : बेटी के शरीर में लाल रंग के दाने हैं, कहीं यह चिकनपॉक्स के लक्षण तो नहीं हैं ?

रश्मि वाजपेयी, फीरोजाबाद, मीरा वर्मा वृंदावन

जवाब : चिकनपॉक्स में बच्चे के शरीर में लाल रंग के दाने से शुरुआत होती है और बुखार भी आता है। पीड़ित बच्चे को दूसरे बच्चों से अलग कमरे में रखें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।

सवाल : बांझपन के इलाज में कितने रुपये का खर्च आता है, एसएन में इसका इलाज संभव है ?

पिंकी यादव, पिनाहट, संगीता सोनी फतेहाबाद

जवाब : एसएन मेडिकल कॉलेज में बांझपन की शिकार महिलाओं का इलाज चल रहा है। इसमें पति-पत्‍‌नी की काउंसिलिंग के बाद ही इलाज शुरू किया जाता है।

सवाल : ब्रेस्ट में गांठ है, क्या यह ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण हैं ?

निम्मी शुक्ला मथुरा, कामिनी देवी, मैनपुरी

जवाब : ब्रेस्ट में गांठ की कई और भी वजह हो सकती हैं। कैंसर विशेषज्ञ से चेकअप कराएं।

सवाल : माहवारी नियमित नहीं हो रही है, क्या यह किसी बीमारी के लक्षण हैं ?

महिमा गर्ग, फीरोजाबाद, कंचन टूंडला

जवाब : वजन बढ़ने या फिर अन्य किसी वजह से माहवारी अनियमित हो जाती है। किसी स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क कर सकती हैं।

सवाल : मधुमेह रोगी का खानपान कैसा होना चाहिए ?

मोहम्मद चांद मंटोला, एसके सिंह शिकोहाबाद, संजय नटराजन एत्मादपुर

जवाब : मधुमेह रोगी को डायट चार्ट बनाना चाहिए। इससे भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है। चार्ट बनाने की जानकारी संबंधित डॉक्टर से ली जा सकती है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.