विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वाह ताज... एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बना ताजमहल, फतेहपुर सीकरी फिसड्डी!; देखें टॉप-10 स्मारकों की लिस्ट

Published: Sun, 25 May 2025 07:05 AM (IST)

Taj Mahal एएसआई द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में ताजमहल को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भारत के शीर्ष पर्यटन स्थल ...और पढ़ें

Taj Mahal: देश में ताजमहल नंबर वन, आगरा किला पांचवें स्थान पर
Taj Mahal: देश में ताजमहल नंबर वन, आगरा किला पांचवें स्थान पर

HighLights

  1. ताजमहल फिर बना नंबर वन
  2. आगरा किला पांचवें स्थान पर
  3. फतेहपुर सीकरी टॉप 10 से बाहर

जागरण संवाददाता, आगरा। Taj Mahal: देश और दुनियाभर से भारत घूमने आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद ताजमहल बना हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश के शीर्ष 10 पर्यटन स्थलों में विश्व धरोहर स्थल ताजमहल पहले और आगरा किला पांचवें नंबर पर रहा। आगरा में स्थित एक अन्य विश्व धरोहर स्थल अकबर की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी को सूची में स्थान नहीं मिल सका है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा देशभर में संरक्षित 3695 स्मारकों में वित्तीय वर्ष 2024-25 में आए पर्यटकों के आंकड़ों के आधार पर यह सूची जारी की गई है। एएसआइ के महानिदेशक के फेसबुक पेज पर पोस्ट कर शीर्ष 10 पर्यटन स्थलों की तस्वीरों पर रैंकिंग का नंबर दिया गया है।

पोस्ट में लिखा है, 'भारत में पर्यटन केवल परिदृश्यों के माध्यम से यात्रा नहीं है, बल्कि सदियों के इतिहास, संस्कृति और विरासत के माध्यम से चलना है। वर्ष 2024-25 में एएसआइ संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई। यह विरासत और अच्छे समय के लिए लोगों के प्रेम का एक शक्तिशाली प्रतिबिंब है।' पोस्ट में स्मारकों की रैंकिंग तो दी गई है, लेकिन स्मारकों को देखने आने वाले पर्यटकों के आंकड़ों की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

ताजमहल विगत कई वर्षाें से देश में सर्वाधिक देखे जाने वाले स्मारकों में शीर्ष पर रहा है। वित्तीय वर्ष 2020-21, 2021-22 और 2022-23 में भी यह नंबर वन रहा था।

देश में स्मारकों की रैंकिंग

क्रम, स्मारक

  1.  ताजमहल, आगरा उत्तर प्रदेश
  2.  सूर्य मंदिर, कोणार्क ओडिशा
  3.  कुतुब मीनार, दिल्ली
  4.  लाल किला, दिल्ली
  5. आगरा किला, आगरा उत्तर प्रदेश
  6.  एलोरा की गुफाएं, छत्रपति संभाजी नगर महाराष्ट्र
  7.  गोलकुंडा का किला, हैदराबाद तेलंगाना
  8.  अगोड़ा, गोवा
  9.  चार मीनार, हैदराबाद तेलंगाना
  10.  उदयगिरी और खांडागिरी पहाड़़ियों पर प्राचीन अवशेष, भुवनेश्वर ओडिशा

ताजमहल का देश में पहले स्थान पर आना अच्छी बात है, लेकिन यहां सुविधाएं विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। पश्चिमी गेट व शिल्पग्राम पार्किंग का आकार काफी छोटा है। पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग में तब्दील किया जाना चाहिए। -राजेश शर्मा, सचिव टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा

फतेहपुर सीकरी को सुव्यवस्थित शहर के रूप में बसाया गया था। यहां देखने योग्य कई महत्वपूर्ण स्मारक हैं। सुविधाओं के अभाव व लपकों की समस्या के चलते वहां पर्यटक जाने से बचते हैं। लपकों की समस्या का निदान कराया जाए। -अमित दत्ता, गाइड