इंडियन वेल्स : 18 साल की मार्केटा ने कोंटा को किया बाहर, युकी दूसरे दौर में पहुंचे
योहाना कोंटा उलटफेर की शिकार होकर इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
इंडियन वेल्स, रायटर। ब्रिटेन की स्टार महिला खिलाड़ी योहाना कोंटा उलटफेर की शिकार होकर इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गई। विश्व की नंबर 11 कोंटा को चेक गणराज्य की 18 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी माकेटा वोंडरोउसोवा ने बाहर का रास्ता दिखाया।
महिला सिंगल्स वर्ग के दूसरे दौर में विश्व की 54वें नंबर की खिलाड़ी मार्केता ने कोंटा को 7-6, 6-4 से मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। अपनी हार के बाद कोंटा ने कहा कि हर किसी को इस प्रकार के मैच का सामना करना पड़ता है और इस बार मेरी बारी थी।
इसके अलावा, विंबलडन चैंपियन गार्बिने मुगुरुजा को भी उलटफेर की शिकार हुई। उन्हें अमेरिका की विश्व नंबर 100 साचिया विकेरी ने मात दी। विकेरी ने दूसरे दौर में स्पेन की मुगुरुजा को 2-6, 7-5, 6-1 से मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश हासिल किया।
दूसरे दौर में युकी
भारत के खिलाड़ी युकी भांबरी ने इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले में फ्रांस के निकोलस महुत को सीधे सेटों में हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। 110वीं रैंक के खिलाड़ी भांबरी ने विश्व के नंबर 101 खिलाड़ी महुत को 7-5, 6-3 से शिकस्त दी। यह दोनों की किसी एटीपी टूर मुकाबले में पहली भिड़ंत थी। दोनों खिलाडि़यों ने ही मुख्य दौर के लिए क्वालीफाई किया था। भारतीय खिलाड़ी भांबरी का दूसरे दौर में मुकाबला फ्रांस के लुकास पोउले से होगा।
कोच से अलग होंगी शारापोवा
पांच बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन मारिया शारापोवा अपने टेनिस कोच स्वेन ग्रोएनवेल्ड से अलग हो गई। वह इंडियन वेल्स टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए बाहर हो गई थी। चार साल बाद एक साथ काम करने के बाद शुक्रवार को शारापोवा ने उनसे अलग होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मैं चार साल तक उनके साथ काम करने के बाद काफी खुश हूं और इसके लिए उन्हें धन्यवाद कहना चाहती हूं। हम दोनों ने ही एक साथ अलग होने का फैसला किया है। शारापोवा इंडियन वेल्स के पहले दौर में ही जापान की नाओमी ओसाका से 6-4, 6-4 से हारकर बाहर हो गई थी।