French Open नहीं खेलेंगे Rafael Nadal, पहली बार इस वजह से लिया नाम वापस
Rafael Nadal French Open टेनिस स्टार राफेल नडाल ने गुरुवार को फ्रेंच ओपन से अपना नाम वापस ले लिया। राफेल ने कूल्हे की चोट के चलते यह फैसला किया है। नडाल ने कहा कि दोबारा खेलना शुरू करने से पहले वह कुछ महीनों की छुट्टी ले रहे हैं।
नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। टेनिस स्टार राफेल नडाल ने गुरुवार को फ्रेंच ओपन से अपना नाम वापस ले लिया। राफेल ने कूल्हे की चोट के चलते यह फैसला किया है। अभी तक उनकी चोट ठीक नहीं हुई है। राफेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि साल 2024 उनके टेनिस करियर का अंतिम वर्ष होगा।
फ्रेंच ओपन से हटने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में 36 वर्षीय स्पेनिश सुपरस्टार ने कहा, "यह एक निर्णय नहीं है जो मैं ले रहा हूं, यह एक निर्णय है जो मेरा शरीर ले रहा है।" बता दें कि नडाल ने 2005 से हर साल क्लेकोर्ट मेजर में खेला है और इसे 14 बार जीता है। नडाल ने कहा कि दोबारा खेलना शुरू करने से पहले वह कुछ महीनों की छुट्टी ले रहे हैं।
नडाल ने जीता है 14 बार खिताब
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "पेशेवर दौरे पर शायद यह मेरा आखिरी साल होगा, मैं यह 100 प्रतिशत नहीं कह सकता क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि क्या होने वाला है।" राफेल नडाल ने 2005 में फ्रांस की राजधानी में खिताबी जीत की शुरुआत के बाद से, उन्होंने 14 खिताब अपने नाम किए हैं। इस दौरान 112 मैच जीते और सिर्फ 3 में उन्हें शिकस्त मिली है।
स्वीडन के खिलाड़ी से मिली है हार
बता दें कि फ्रेंच ओपन में राफेल नडाल, नोवाक जोकोविच से दो बार भिड़ चुके हैं। पहली बार 2015 के अंतिम आठ मुकाबले में और 2021 के सेमीफाइनल मुकाबले में जोकोविच की चुनौती का समाना किया था। स्वीडन के रॉबिन सोडरलिंग 2009 में नडाल को हराने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। रॉबिन ने अंतिम-16 में हराया था। हालांकि, 12 महीने बाद नडाल ने फाइनल में हराकर बदला लिया था।