बचपन की दोस्त संग राफेल नडाल ने रचाई शादी, पहले से ही हैं दोनों के तीन बच्चे
Rafael Nadal Xisca Perello Wedding दिग्गज टेनिस प्लेयर राफेल नडाल ने अपनी गर्ल फ्रेंड के साथ शादी की है। दोनों के तीन बच्चे भी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Rafael Nadal Xisca Perello Wedding: स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने मशहूर ला फोर्टालेजा में अपनी बचपन की दोस्त सिस्का पेरोलो के साथ शनिवार को शादी रचाई। 33 वर्षीय नडाल ने अपनी शादी के लिए वही पैलेस चुना जहां 2016 की बीबीसी की मशहूर फिल्म नाइट मैनेजर की शूटिंग हुई थी।
शादी में आने के लिए नडाल के मेहमानों के लिए खास हैलीकॉप्टर मंगवाए गए थे। वेल्स के फुटबॉलर गेरेथ बेल ने भी इसी जगह शादी की थी। इसके अलावा कालरेस मोया जैसे दिग्गज टेनिस खिलाड़ी भी यहां शादी कर चुके हैं। हाल ही में राफेल नडाल ने इशारा किया था कि वह जल्दी ही शादी कर सकते हैं। नडाल और पेरोलो पिछले 14 साल से एक साथ रह रहे हैं। उनके तीन बच्चे भी हैं, लेकिन अब दोनों शादी के बंधन में बंधे हैं।
2017 के बाद अपने पहले खिताब के करीब पहुंचे मरे
दुनिया के पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे मार्च 2017 के बाद पहली बार किसी खिताब को जीतने के करीब पहुंच गए हैं। मरे ने दुनिया के 70वें नंबर के फ्रांसीसी खिलाड़ी युगो होंबर्ट को सेमीफाइनल में 3-6, 7-5, 6-2 से हराकर एंटवर्प ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।
ब्रिटिश स्टार मरे ने 2017 में अपनी पिछली ट्रॉफी जीती थी और अब वह स्विट्जरलैंड के स्टान वावरिंका के खिलाफ फाइनल में भिड़ेंगे। सेमीफाइनल में वावरिंका ने इटली के 18 वर्षीय जानिक सिनर को 6-3, 6-2 से हराया। मरे का वावरिंका के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतर है। उनके खिलाफ पिछले 19 मुकाबलों में से मरे ने 11 में जीत दर्ज की है।
इससे पहले मरे ने रोमानिया के मारियस कोपिल पर जीत करके 2017 के फ्रेंच ओपन के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। 32 वर्षीय मरे साल के शुरू में कूल्हे की सर्जरी के बाद कोर्ट पर अपने पांव जमाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।