ओलंपिक डायरी: ओलंपिक में नाओमी ओसाका गोल्ड मेडल की दावेदार: मैरी पियर्स
मैरी पियर्स का मानना है कि जापान की नाओमी ओसाका अगर टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतती हैं तो यह उनके लिए अच्छा होगा।
नई दिल्ली, आइएएनएस। चार बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन मैरी पियर्स का मानना है कि जापान की नाओमी ओसाका अगर टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतती हैं तो यह उनके लिए अच्छा होगा।
विश्व की 10वें नंबर की खिलाड़ी ओसाका उस समय सुर्खियों में आ गई थीं, जब उन्होंने 2018 में अमेरिका की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को हराकर यूएस ओपन का खिताब जीता था। ओसाका ने 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का भी खिताब अपने नाम किया था। पियर्स ने कहा, 'ओलंपिक एक ओपन टूर्नामेंट होगा। यह कहना मुश्किल है कि कौन इसमें स्वर्ण पदक जीतने जा रहे हैं क्योंकि इस समय काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। आपको जापानी खिलाडि़यों को करीब से देखने की जरूरत है क्योंकि वे अपने देश में खेलने से प्रोत्साहित होंगे। ओसाका दावेदार हैं जो स्वर्ण पदक जीत सकती हैं। कितनी बार आपको अपने देश में ओलंपिक में खेलने का मौका मिलता है। कभी-कभी ऐसा नहीं होता है, इसलिए यह अगर वह अपने देश में स्वर्ण जीतती हैं तो यह उनके लिए काफी अच्छा होगा।'
फ्रांस के लिए खेल चुकीं 45 वर्षीय पियर्स ने यह भी बताया कि क्यों सेरेना अपना रिकॉर्ड 24वां ग्रैंडस्लैम खिताब नहीं जीत पा रही हैं। सेरेना ने अपना पिछला ग्रैंडस्लैम खिताब 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में जीता था। पियर्स ने कहा, 'यह देखना शानदार है कि किस तरह से उन्होंने एक बच्ची के होने के बावजूद वापसी की है। मैं उनसे काफी प्रभावित हुई हूं। लेकिन आपको यह भी देखना होगा कि वह भी एक इंसान हैं। यहां कुछ भावनाएं हैं, जिससे वह निपटी हैं और वह 24वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतना चाहती हैं।'
टोक्यो ओलंपिक के लिए हिंदी ट्विटर अकाउंट शुरू
भारत में खेल प्रशंसकों के लिए 2020 टोक्यो ओलंपिक की आयोजन समिति ने अपना हिंदी ट्विटर अकाउंट शुरू किया है। ट्विटर अकाउंट 'टोक्यो2020 फोर इंडिया टोक्यो2020ही' सोमवार को शुरू किया गया जो भारत में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों टोक्यो 2020 का आधिकारिक अकाउंट है। इसके जरिये हिंदी बोलने वाले भारतीय प्रशंसकों को सारी जानकारी दी जाएगी। हिंदी भाषा में संदेश हालांकि रोमन इंग्लिश स्कि्रप्ट में ही दिखाई देंगे।
एक ट्वीट के अनुसार, 'हम स्पेनिश, कोरियाई, हिंदी और फ्रेंच में नए टोक्यो2020 ट्विटर अकाउंट के शुरुआत की घोषणा करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। हम आपके साथ इस सफर पर जाने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।' इस नए हिंदी ट्विटर अकाउंट के 400 से ज्यादा फोलोअर्स हो चुके हैं। इसमें शीर्ष भारतीय खिलाड़ी जैसे एमसी मेरी कॉम, अभिनव बिंद्रा, पीवी सिंधू, लिएंडर पेस, महेश भूपति, सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, सरदार सिंह, गगन नारंग, विजेंद्र सिंह, हिना सिद्धू, किदांबी श्रीकांत, दीपा कर्माकर, साक्षी मलिक और मनु भाकर शामिल हैं। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 24 जुलाई से नौ अगस्त तक होगा।