सबसे महान टेनिस खिलाड़ी बनने से तीन कदम दूर हैं राफेल नडाल
दो घंटे, 28 मिनट तक चले फाइनल में एंडरसन ने 40 बेजा गलतियां कीं, जबकि नडाल ने 11 बार ऐसा किया।
न्यूयार्क, एएफपी। राफेल नडाल ने अपना स्वप्निल सफर जारी रखते हुए रविवार को 14 साल में अपना रिकॉर्ड 16वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता। 2003 में 17 वर्ष की उम्र में विंबलडन के रूप में अपना पहला ग्रैंडस्लैम खेलने वाले स्पेनिश स्टार ने दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को 6-3, 6-3, 6-4 से मात देकर तीसरी बार यूएस ओपन की ट्रॉफी पर कब्जा किया। दो घंटे, 28 मिनट तक चले फाइनल में एंडरसन ने 40 बेजा गलतियां कीं, जबकि नडाल ने 11 बार ऐसा किया।
इसके साथ ही वह सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले स्विस स्टार रोजर फेडरर के और करीब पहुंच गए। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नडाल अब फेडरर (19) की बराबरी से सिर्फ तीन खिताब दूर हैं। चौथी बार न्यूयार्क में फाइनल खेलने वाले नडाल इससे पहले 2010 और 2013 में यहां चैंपियन बन चुके हैं।
सत्र की दूसरी ट्रॉफी
नडाल का यह इस सत्र का दूसरा ग्रैंडस्लैम और कुल पांचवां खिताब है। उन्होंने जून में रिकॉर्ड दसवीं बार फ्रेंच ओपन की ट्रॉफी जीती थी। उनके प्रतिद्वंद्वी फेडरर ने भी इस सत्र में दो ग्रैंडस्लैम खिताब (ऑस्ट्रेलियन ओपन व विंबलडन) जीते हैं।
नंबर गेम
-04 बार नडाल ने अपने करियर में एक वर्ष में दो खिताब जीते। इससे पहले 2013 में उन्होंने ऐसा किया था।
-05 बार नडाल ने एंडरसन को पराजित किया। इससे पहले दोनों के बीच खेले गए चार मुकाबलों में भी नडाल ने बाजी मारी थी।
-23वां ग्रैंडस्लैम फाइनल था यह नडाल का। उन्हें सिर्फ सात बार ही उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा है।
-74वीं ट्रॉफी जीती 31 वर्षीय नडाल ने अपने करियर की।
-259वां ग्रैंडस्लैम मुकाबला था यह नडाल के करियर का। इनमें से उन्होंने 226 जीते हैं और सिर्फ 33 ही हारे हैं।
नडाल के ग्रैंडस्लैम खिताब
ऑस्ट्रेलियन ओपन (2009)
फ्रेंच ओपन (2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017)
विंबलडन (2010, 2011)
यूएस ओपन (2010, 2013, 2017)
सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले पांच खिलाड़ी
खिलाड़ी, देश, खिताब
रोजर फेडरर, स्विट्जरलैंड, 19
राफेल नडाल, स्पेन, 16
पीट संप्रास, अमेरिका, 14
नोवाक जोकोविक, सर्बिया, 12
रॉय स्टेनली इमर्सन, ऑस्ट्रेलिया, 12
'नतीजों के हिसाब से यह साल मेरे करियर के सर्वश्रेष्ठ सत्र में से एक रहा। मैंने खिताब जीते। तीन ग्रैंडस्लैम फाइनल खेले। यह बहुत मुश्किल है। इसलिए यह साल मेरे लिए काफी प्रतिस्पर्धी था। क्ले कोर्ट पर मैंने ज्यादातर मैच जीते। जीत के साथ साल के ग्रैंडस्लैम का समापन मुझे ऊर्जा से भर देता है। यहां के दर्शक अविश्वसनीय हैं।'
राफेल नडाल, जीत के बाद