सारे खतरों से दूर हैं नं. 1 एंडी मरे, रैंकिंग में दूसरे खिलाड़ियों से काफी आगे
इस सूची में सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविक 7,905 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
मैड्रिड, एएफपी। ब्रिटेन के एंडी मरे ने सोमवार को जारी पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) की ताजी रैंकिंग में 11,600 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया हुआ है। इस सूची में सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविक 7,905 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
इसके अलावा शीर्ष दस खिलाड़ियों की सूची में स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका (5,605 अंक) तीसरे और रोजर फेडरर (5,125 अंक) चौथे स्थान पर हैं।
इस सूची में स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल (3,735 अंक) दो स्थान फिसलकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं, वहीं जापान के केई निशिकोरी ( 4,310 अंक) ने दो स्थान ऊपर उठते हुए पांचवां स्थान हासिल किया है। कनाडा के मिलोस राओनिक (4,165 अंक) इस सूची में छठे, क्रोएशिया के मारिन सिलिक (3,385 अंक) आठवें, ऑस्टिया के डोमिनिक थिएम (3,385 अंक) नौवें और फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा (2,905 अंक) दसवें स्थान पर हैं।
महिलाओं में जर्मनी की एंजेलिक कर्बर 7,335 अंक लेकर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कायम हैं। अमेरिकी दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स दूसरे और चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा तीसरे स्थान पर हैं।