दुनिया के सबसे छोटे व तेज फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस होगा Xiaomi Mi 5
Xiaomi के आने वाले फ्लैगशिप फोन Mi 5 के बारे में लेटेस्ट लीक हुई खबर से पता चला है कि इसमें दुनिया का सबसे छोटा फिंगरप्रिंट स्कैनर लगा होगा।
अगले वर्ष के शुरुआत में आने वाला Xiaomi Mi 5 कंपनी का फ्लैगशिप डिवाइस होगा। इसके आने से पहले अफवाहों का बाजार गर्म है और लीक हुई तस्वीरों से इसकी झलक के साथ कुछ विशेषताएं भी पता चली हैं।
तस्वीरें आफिशियल नहीं हैं लेकिन इसके डिजायन पर आधारित हैं जो कि Xiaomi ने पहले ही इशारा दिया था।
एक वेबसाइट के अनुसार Xiaomi Mi 5 क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 820 चिपसेट पर आधारित होगा और फोन में उपयोग किया गया सेंसर दुनिया का सबसे छोटा और तेज सेंसर होगा। यह फोन मैटल फ्रेम डिजाइन से बना है। साथ ही फोन का डिसप्ले पैनल 2.5डी ग्लास से बना है जबकि बैक पैनल में कर्व्ड डिजाइन के साथ 3डी ग्लास का उपयोग किया गया है। Xiaomi Mi 5 में यूएसबी टाइप सी पोर्ट उपलब्ध होगा।
वहीं पिछले दिनों Xiaomi Mi 5 से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई थीं जिनके अनुसार इसमें 5.2-इंच का क्यूएचडी डिसप्ले होगा। एंड्रायड 6.0 मार्शमैलो पर आधारित इस फोन में डुअल सिम सपोर्ट हो सकता है। वहीं फोटोग्राफी के लिए 16-मेगापिक्सल रीयर और 13-मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा हो सकता है। उम्मीद है कि कंपनी Xiaomi Mi 5 को दो वैरिएंट लांच करेगी जिसमें एक 3जीबी रैम और 32जीबी इंटरनल मैमोरी के साथ होगा जबकि दूसरे डिवाइस में 4जीबी रैम और 64जीबी इंटरनल मैमोरी उपलब्ध हो सकती है।