Tiktok समेत इन 58 चीनी ऐप की वापसी की उम्मीद टूटी, केंद्र सरकार ने हमेशा के लिए लगाया प्रतिबंध
जून 2020 में चीन के साथ सीमा विवाद के चलते भारत ने 59 चीनी ऐप्स को बैन कर दिया था। पिछले 6 माह में चीनी ऐप के बैन की संख्या बढ़कर 208 हो गई है। Tiktok का दावा था कि वो जल्द भारत में वापसी करेगा।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। केंद्र सरकार की तरफ से जून माह मे Tiktok समेत 58 चीनी ऐप्स को अस्थायी तौर पर बैन कर दिया था। सरकार ने इन ऐप्स को भारतीय अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया था। केंद्र सरकार ने इन 59 चीनी ऐप्स से मामले में जवाब दाखिल करने को कहा गया था। ऐसे में उम्मीद थी की अगर सरकार चीनी ऐप्स के जवाब से संतुष्ट होती है, तो ऐप्स से प्रतिबंध को हटाया जा सकता है। लेकिन सरकार को चीनी ऐप्स की तरफ से उपलब्ध कराए गये जवाब रास नहीं आये हैं। ऐसे में चीनी ऐप्स की वापसी की राह हमेशा के लिए बंद हो गयी है।
सरकार को Tiktok समेत चीनी ऐप्स से नहीं मिला संतुष्ट जवाब
Live Mint की रिपोर्ट के मुताबिक मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिकस एंड इंफॉर्मेशन (MeitY) ने एक नोटिफिकेशन जारी करके Tiktok, WeChat समेत 58 चीनी ऐप्स पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक सरकार को ऐप्स पर प्रतिबंध को हटाने को लेकर चीनी ऐप्स से जबाव मांगा था कि आखिर उन ऐप्स पर प्रतिबंध को क्यों हटाया जाए। लेकिन चीनी ऐप्स की तरफ से कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिला है।
208 चीनी ऐप्स पर लग चुका है प्रतिबंध
बता दें कि जून 2020 में चीन के साथ सीमा विवाद के चलते भारत ने 59 चीनी ऐप्स को बैन कर दिया था। पिछले 6 माह में चीनी ऐप के बैन की संख्या बढ़कर 208 हो गई है। Tiktok का दावा था कि उसकी बातचीत मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिकस एंड इंफॉर्मेशन से चल रही है। कंपनी को उम्मीद थी कि जल्द भारत में Tiktok की वापसी होगी। हालांकि सरकार के ऐप पर स्थायी तौर पर प्रतिबंध से फिलहाल ये उम्मीद टूट गई है।