Xiaomi भारत में लॉन्च करने वाली है RedmiBook लैपटॉप, ट्रेडमार्क हुआ फाइल
Xiaomi भारत में अफोर्डेबल कीमत में यूजर्स के लिए लैपटॉप लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है और इसके लिए कंपनी ने ट्रेडमार्क फाइल कर दिया है
नई दिल्ली, टेक डेस्क। भारतीय बाजार में स्मार्टफोन और टीवी के क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने के बाद अब Xiaomi जल्द ही भारत में लैपटॉप इंडस्ट्री में कदम रखने वाली है। कंपनी की प्लानिंग अपने यूजर्स को अफोर्डेबल कीमत में लैपटॉप उपलब्ध कराने की है और इसे Xiaomi के सब-ब्रांड Redmi के तहत पेश किया जाएगा। कंपनी ने इसके लिए भारत में ट्रेडमार्क फाइल कर दिया है जिससे यह स्पष्ट होता है कि भारतीय यूजर्स को RedmiBook लैपटॉप के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
91mobiles की रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार RedmiBook लैपटॉप के लिए फाइल किया गया ट्रेडमार्क भारतीय वेबसाइट 'मिनस्ट्री ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' पर स्पॉट किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी साल 2020 में भारतीय यूजर्स को RedmiBook लैपटॉप उपलब्ध करा सकती है।
बता दें कि साल 2018 में Xiaomi के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट मनु कुमार जैन ने जानकारी दी थी कि कंपनी भारत में अपना गेमिंग लैपटॉप लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है। हालांकि अभी तक इसे लॉन्च नहीं किया गया और अब उम्मीद है कि जल्द ही कंपनी भारत में लैपटॉप लॉन्च करेगी। वैसे कंपनी ने पिछले साल चीनी मार्केट में Redmi K30 स्मार्टफोन के साथ RedmiBook 13 लैपटॉप को लॉन्च किया था। कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर भारत में लॉन्च होने वाले लैपटॉप के नाम या फीचर्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि RedmiBook 13 भारत में दस्तक देगा।
RedmiBook 13 के स्पेसिफिकेशन
चीनी मार्केट में लॉन्च किए गए RedmiBook 13 की कीमत RMB 3999 यानि लगभग 40,000 रुपये है। यह डिवाइस स्पेस ग्रे और रोज गोल्ड कलर विकल्प में उपलब्ध है। इंटेल 10th जनरेशन पर पेश किए गए इस लैपटॉप में 13.3 इंच का फुल एचडी डिस्प्ले दिया गया है। इसमें स्टोरेज के लिए 8GB रैम और 256GB SSD मौजूद है। इसमें डीटीएस सराउंड साउंड ऑडियो सपोर्ट की सुविधा दी गई है। साथ ही इसमें उपयोग की गई बैटरी सिंगल चार्ज में 11 घंटे का बैकअप प्रदान कर सकती है।