IMC 2026 में बोले PM मोदी: 2022 में 5G लॉन्च के बाद 10 गुना बढ़ा मोबाइल इंटरनेट स्पीड, हर जिले तक पहुंचा नेटवर्क
नई दिल्ली के यशोभूमि में India Mobile Congress (IMC) के 10वें एडिशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ...और पढ़ें
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 2022 में देश में 5G सर्विस शुरू होने के बाद से भारत में मोबाइल इंटरनेट की स्पीड 10 गुना बढ़ गई है। ये बात पीएम ने नई दिल्ली के यशोभूमि में चल रहे India Mobile Congress (IMC) के 10वें एडिशन को संबोधित करते हुए कहा।
PM मोदी ने कहा, '2022 में इसी मंच से हमने देश में 5G लॉन्च किया था। फिर 2023 में मैंने बात की थी कि कैसे भारत 5G रोल-आउट से आगे बढ़कर 5G रीच-आउट की तरफ बढ़ रहा है। और आज हम सब देख रहे हैं कि 5G कनेक्टिविटी देश के हर जिले तक पहुंच चुकी है।'
उन्होंने आगे कहा, 'आज भारत में 5.5 लाख से ज्यादा बेस स्टेशन्स हैं, जहां से 5G नेटवर्क काम कर रहे हैं। और 2022 की तुलना में मोबाइल इंटरनेट स्पीड 10 गुना ज्यादा हो चुकी है।'
ये 10 गुना का आंकड़ा भले ही टेलीकॉम इंडस्ट्री के लिए सिर्फ एक स्टेटिस्टिक लगे, लेकिन हर दिन फोन इस्तेमाल करने वाले एक आम यूजर के लिए इसका असल मतलब क्या है?
डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन्स के मुताबिक, Ookla के स्पीडटेस्ट ग्लोबल इंडेक्स के आधार पर भारत में एवरेज मोबाइल ब्रॉडबैंड डाउनलोड स्पीड मार्च 2022 के 13.67 Mbps से बढ़कर दिसंबर 2025 तक 132 Mbps हो गई।

इसे सीधे और आसान शब्दों में समझें, तो 2 GB की कोई फिल्म, जिसे 2022 की एवरेज स्पीड पर डाउनलोड होने में करीब 20 मिनट लगते थे, अब वही फिल्म डाउनलोड होने में सिर्फ दो मिनट का समय ले सकती है।
वहीं 5 GB की किसी बड़ी फाइल के मामले में यह फर्क और भी बड़ा दिखता है- जहां पहले करीब 49 मिनट लगते थे, वहीं अब ये काम लगभग पांच मिनट में हो सकता है।
इसी तरह 1 GB की फाइल 2022 की स्पीड पर डाउनलोड होने में लगभग 10 मिनट लेती थी, जबकि 132 Mbps की स्पीड पर ये करीब एक मिनट में डाउनलोड हो सकती है।
हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि ये सारे आंकड़े थ्योरेटिकल कैलकुलेशन पर बेस्ड हैं। असल डाउनलोड टाइम आपके नेटवर्क, सिग्नल स्ट्रेंथ, नेटवर्क पर ट्रैफिक, फाइल के सर्वर और आपके फोन पर भी निर्भर करता है।
ये सुधार भारत के 5G एक्सपीरियंस में भी साफ नजर आता है। Opensignal के अक्टूबर-दिसंबर 2025 के डेटा के मुताबिक, Jio पर एवरेज 5G डाउनलोड स्पीड करीब 199 Mbps और Airtel पर 186 Mbps दर्ज की गई, हालांकि ऑपरेटर और लोकेशन के हिसाब से स्पीड अलग-अलग हो सकती है।
आम यूजर्स के लिए तेज इंटरनेट का मतलब सिर्फ फिल्में डाउनलोड करने तक सीमित नहीं है। अब बड़े एप्स और गेम्स के अपडेट्स काफी तेजी से हो जाते हैं, हाई-रेजोल्यूशन वीडियोज जल्दी अपलोड होते हैं और क्लाउड पर फोटोज और वीडियोज का बैकअप लेने में भी पहले से काफी कम समय लगता है।
