Coronavirus Outbreak: Xiaomi, Vivo, OPPO के स्मार्टफोन हो सकते हैं मंहगे
Coronavirus Outbreak चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां Xiaomi Vivo OPPO भारत में अपने स्मार्टफोन्स असेंबल करती हैं। इसके सप्लाई चेन पर असर पड़ सकता है।
नई दिल्ली, टेक डेस्क। Coronavirus (COVID-19) की वजह से एक तरफ जहां बड़े टेक्नोलॉजी इवेंट्स रद्द हुए हैं। वहीं, इस खतरनाक वायरस की वजह से भारतीय स्मार्टफोन बाजार भी प्रभावित हो सकती है। चीन में महामारी का रूप ले चुके इस वायरस ने करीब 3,000 लोगों की जानें ले ली है और 80 हजार से ज्यादा लोग इसकी वजह संक्रमित हैं। भारतीय स्मार्टफोन बाजार में सबसे ज्यादा चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों का दबदबा है। ये कंपनियां चीन से अपने स्मार्टफोन कंपोनेंट को मंगाकर भारत में असेंबल करतीं हैं। Coronavirus की वजह से भारत में अपने स्मार्टफोन असेंबल करने वाली कंपनियां Xiaomi, Vivo, OPPO, Realme के स्मार्टफोन्स का प्रोडक्शन और सप्लाई प्रभावित हो सकता है।
डिमांड और सप्लाई पर पड़ेगा असर
IDC India के मुताबिक, नए स्मार्टफोन्स के लॉन्च अगली तिमाही में शिफ्ट किए जा सकते हैं। चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां Xiaomi और Realme ने इस महीने लॉन्च होने वाले Realme 6 Series और Redmi Note 9 Series के इवेंट को रद्द कर दिया है। इन कंपनियों ने अपने इन स्मार्टफोन्स के इवेंट को ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए करने का फैसला किया है। इन कंपनियों के कंपोनेंट स्टॉक तेजी से कम हो रहे हैं। Coronavirus (COVID-19) की वजह से इन कंपोनेंट को भारत लाने में लॉजिस्टिक दिक्कतों का भी सामना करना पड़ सकता है और उम्मीद है कि ये दिक्कत अगली तिमाही तक खत्म होंगी। ऐसे में भारतीय स्मार्टफोन बाजार के डिमांड और सप्लाई पर असर पड़ सकता है।
कीमतों में हो सकती है बढ़ोत्तरी
Xiaomi, Vivo और OPPO के भारतीय मोबाइल असेंबली यूनिट्स में कंपोनेंट के सप्लाई में दिक्कत आ सकती है। आपको बता दें कि Realme के स्मार्टफोन्स भी OPPO ही मैन्युफैक्चर करती है। जानकारों की मानें तो सप्लाई चेन में आ रही दिक्कत की वजह से इन चारों प्रमुख चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों के स्मार्टफोन्स की कीमत में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।
ICEA कर रही है मॉनिटर
ICEA (इंडियन सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन) के चेयरमैन पंकज मोहिन्द्रू ने बयान जारी करते हुए कहा कि ICEA कोरोनावायरस से पैदा हुए संकट पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ सप्ताह स्मार्टफोन बाजार के लिए काफी नाजुक है, अगर स्मार्टफोन फैक्टरी पर काम पहले की तरह शुरू नहीं हुआ तो भारत में मोबाइल फोन बाजार पर असर पड़ सकता है। भारतीय वेंडर्स चीनी सप्लाई चेन इकोसिस्टम पर पूरी तरह से निर्भर हैं। आपको बता दें कि चीन में Coronavirus (COVID-19) की वजह से कई इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल इक्वीपमेंट कंपनियां बंद हैं या फिर आंशिक रूप से काम कर रहीं हैं।
भारत में Xiaomi, Vivo और OPPO सबसे ज्यादा स्मार्टफोन असेंबल करते हैं। चीनी सप्लाई चेन पर निर्भर ये कंपनियां सीमित समय के लिए अपने स्मार्टफोन्स की कीमत में बढ़ोत्तरी कर सकती हैं। ऐसे में कुछ समय के लिए भारत में स्मार्टफोन खरीदना मंहगा हो सकता है। हालांकि, अन्य मेजर प्लेयर्स Nokia और Samsung ने फिलहाल अपने स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोत्तरी के संकेत नहीं दिए हैं।