विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सस्ते गैजेट खरीदने से पहले जान लें ये बातें, वरना बाद में पड़ सकता है पछताना

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:39 PM (IST)

सस्ती टेक्नोलाजी के वादे के पीछे एक महंगी सच्चाई भी छिपी हो सकती है, जो प्रोडक्ट लेने के बाद आपको ...और पढ़ें

सस्ते गैजेट खरीदने से पहले जान लें ये बातें, वरना बाद में पड़ सकता है पछताना

सस्ते गैजेट खरीदने से पहले जान लें ये बातें, वरना बाद में पड़ सकता है पछताना

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। जब कम कीमत वाला प्रोडक्ट भी वही काम कर सकता है, तो अधिक पैसे क्यों खर्च किए जाएं? यही धारणा सस्ते प्रोडक्ट के एक बड़े बाजार को बनाए रखने में सबसे बड़ी मददगार है। समस्या यह नहीं है कि हर सस्ता गैजेट खराब क्वालिटी का होता है। असल परेशानी उसके इस्तेमाल के दौरान महसूस होती है, इसलिए शुरुआती फैसला बहुत ही समझ-बूझकर करना चाहिए।

यह सच है कि किफायती टेक्नोलॉजी ने लाखों लोगों को जरूरी डिजिटल टूल्स तक पहुंचने में मदद की है, लेकिन चिंता इस बात की है कि कुछ मैन्युफैक्चरर और सेलर कम कीमत देने के लिए ऐसी चीजों में कटौती करते हैं, जिनकी आम खरीदार आसानी से जांच नहीं कर पाते, जैसे कंपोनेंट की क्वालिटी, थर्मल मैनेजमेंट, साफ्टवेयर सपोर्ट, रिपेयर की सुविधा और सिक्योरिटी।

हर सस्ता प्रोडक्ट खराब ही नहीं होता

त्योहारों की सेल के दौरान डिस्काउंट और आफर्स के साथ-साथ सस्ते और अनजान ब्रांड्स वाले प्रोडक्ट्स की भरमार हो जाती है। क्वालिटी, ब्रांड और सर्विस की सुविधाओं को लेकर आश्वस्त हैं तो सस्ता प्रोडक्ट भी एक समझदारी फैसला हो सकता है।

प्रीमियम ब्रांड के मुकाबले बहुत कम कीमत वाले वायरलेस ईयरबड्स, शानदार स्पेसिफिकेशंस वाला बजट स्मार्टफोन या सस्ता चार्जर, ये सभी पैसे बचाने का एक समझदारी भरा फैसला तभी हो सकते हैं, जब आप कुछ बातों को लेकर पहले आश्वस्त हो जाएं।

किस तरह की हो सकती है परेशानी

आमतौर पर सस्ते प्रोड्क्ट में जो समस्याएं होती हैं, उनमें डिवाइस के बार-बार गर्म होने, डाटा सुरक्षा, बार-बार रिपेयरिंग की परेशानी और डिवाइस के जल्दी बेकार हो जाने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

रिपेयर ट्रैप को समझें : सस्ते इलेक्ट्रानिक प्रोडक्ट्स में अक्सर रिपेयर कराने की लागत नए प्रोडक्ट से भी भारी लगने लगती है। मान लें आपने एक हजार रुपये से कम कीमत में कोई वायरलेस ईयरबड्स खरीदा। कुछ महीनों बाद एक ईयरबड चार्ज होना बंद हो जाए। यह बैटरी खराब होने, चार्जिंग में परेशानी या अंदरूनी इलेक्ट्रानिक्स की खराबी के कारण हो सकता है।

कई बार इसे रिपेयर कराना आसान नहीं होता, बार-बार कराना तो बिल्कुल भी नहीं, इसलिए यह ध्यान रखना जरूरी है कि गैजेट कितने समय तक चल सकता है और वह कितनी आसानी से ठीक हो सकता है। कुछ डिवाइस कमजोर कनेक्टर, कमजोर बाडी, घटिया क्वालिटी के बटन या बैटरी के चलते जल्दी खराब हो जाते है, जिन्हें बदलना काफी मुश्किल होता है।

क्या है असली वैल्यू

स्पेयर पार्ट्स और रिपेयर सर्विस नहीं मिलने पर टूटी स्क्रीन वाला सस्ता स्मार्टफोन, खराब 'की' वाला कीबोर्ड या खराब बैटरी वाला पावरबैंक ई-वेस्ट में बदल सकता है। समस्या रिपेयर के बिल तक सीमित नहीं है। डिवाइस बदलने का मतलब है, डाटा ट्रांसफर करना, एप्स को फिर से इंस्टाल करना, एक्सेसरीज को फिर से कनेक्ट करना। इस दौरान अक्सर जरूरी फाइलें और सेटिंग्स भी गायब हो जाती हैं।

ऐसे में अगर आसानी से बैटरी बदलने, भरोसेमंद वारंटी और आसानी से उपलब्ध स्पेयर पार्ट्स की सुविधा मिले, तो थोड़ा अधिक कीमत वाले प्रोडक्ट भी आपके लिए उपयोगी हो सकते हैं। वह लंबे समय में आपको बेहतर वैल्यू दे सकते हैं।

सुरक्षा का जोखिम समझें

स्मार्टफोन, स्मार्टवाच, वायरलेस कैमरे और दूसरे कनेक्टेड डिवाइस आपका बहुत सारा डाटा इकट्ठा, प्रोसेस और क्लाउड पर साझा करते हैं। ऐसे में आपकी सुरक्षा न केवल डिवाइस की बनावट पर, बल्कि उसके साफ्टवेयर और सुरक्षा की क्वालिटी पर भी टिकी होती है। सस्ते कनेक्टेड गैजेट्स जोखिम पैदा कर सकते हैं, खासकर डिवाइस में डिफाल्ट पासवर्ड, असुरक्षित कम्युनिकेशन, अनावश्यक डाटा इकट्ठा होने से परेशानी बढ़ती है।

उदाहरण के तौर पर, कम कीमत वाला स्मार्ट कैमरा शानदार फीचर दे सकता है, लेकिन साफ्टवेयर में कमियां हैं या कंपनी सुरक्षा पैच जारी नहीं करती, तो निजी डाटा का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए जरूरी है कि आप प्रोसेसर की स्पीड, मेगापिक्सल, बैटरी की क्षमता और प्रोमोशनल डिस्काउंट से आगे भी देखें। कंपनी की प्राइवेसी पालिसी, आथेंटिकेशन, प्रोडक्ट्स को सपोर्ट करने के ट्रैक रिकार्ड को भी समझना जरूरी है।

रोजमर्रा की झुंझलाहट

सस्ते गैजेट में अक्सर बैटरी की समस्या देखने में आती है, सस्ते कीबोर्ड की कीज अक्सर परेशानी पैदा करती हैं, सस्ते स्मार्टफोन में अक्सर एप्स धीमे पड़ जाते हैं। रोजमर्रा की ये समस्याएं छोटी नहीं हैं। सोचिए कि आप किसी जरूरी आनलाइन मीटिंग में शामिल हों, तो सस्ते हेडसेट की आवाज केवल आपको ही नहीं, बल्कि मीटिंग में शामिल अन्य लोगों को भी परेशान करेगी।

असाइनमेंट पूरा करते समय लैपटाप बार-बार हैंग हो या कनेक्शन धीमा हो, तो सोचिए कितनी मुश्किलें आ सकती हैं। जो लोग टेक्नोलॉजी पर बहुत अधिक निर्भर हैं, उनके लिए इसका भरोसेमंद होना कोई लग्जरी फीचर नहीं है, यह प्रोडक्ट की बुनियादी जरूरत है।

जानें खरीदारी का गणित

  • प्रोडक्ट की लाइफ: यह समझें कि आप प्रोडक्ट को कितने समय तक चला सकते हैं।
  • रिपेयर का खर्च: क्या स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध हैं और क्या सामान्य खराबी को ठीक किया जा सकता है।
  • वारंटी कवरेज: बनाने वाली कंपनी असल में क्या वादा करती है।
  • आपरेटिंग खर्च: क्या डिवाइस बेवजह अधिक बिजली खर्च करता है या इसके लिए महंगे सामान की जरूरत पड़ती है।
  • साफ्टवेयर सपोर्ट: क्या इसे जरूरी अपडेट मिलते रहेंगे।
  • भरोसेमंद परफॉर्मेंस: क्या प्रोडक्ट जरूरत के समय लगातार अच्छा काम करेगा।

कैसे खरीदें भरोसेमंद गैजेट

किसी भी प्रोडक्ट की खरीदारी से पहले अपनी जरूरतों को समझना आवश्यक है। इसके लिए आप खुद से कुछ सवाल पूछ सकते हैं, जैसे- इस गैजेट का इस्तेमाल किसलिए करना है, कितनी बार करना है और आपको कौन से फीचर्स की जरूरत है। इससे प्रोडक्ट चुनने के दौरान आपके पैसे बचते हैं और फायदा भी मिलता है।

सिर्फ कीमत नहीं, फीचर्स भी देखें

कम कीमत का मतलब हमेशा बेहतर डील नहीं होता। फैसला लेने से पहले स्पेसिफिकेशन, बनावट की क्वालिटी, वारंटी, कंपैटिबिलिटी और कस्टमर रिव्यू के बारे में जानना जरूरी है। प्रोडक्ट की क्वालिटी, परफॉर्मेंस, टिकाऊपन, ब्रांड की साख, वारंटी सपोर्ट को लेकर आश्वस्त होना जरूरी है। यह आपको लंबे समय में बड़े खर्च से बचाएगा।

भरोसेमंद सेलर

सबसे जरूरी है-भरोसेमंद रिटेलर। भरोसेमंद स्टोर से खरीदने पर नकली प्रोडक्ट का रिस्क कम हो जाता है और असली वारंटी और कस्टमर सपोर्ट मिलता है।

कस्टमर रिव्यूज

कस्टमर का फीडबैक असल परफॉर्मेंस के बारे में जरूरी जानकारी देता है। रिव्यू से आपको यह समझने में मदद मिलती है कि प्रोडक्ट कितना टिकाऊ है, इस्तेमाल में कितना आसान है, साथ ही बैटरी लाइफ, बिल्ड क्वालिटी, कस्टमर की संतुष्टि के बारे में जान पाते हैं।

वारंटी और रिटर्न पालिसी जांचें

वारंटी पीरियड और रिटर्न पालिसी जरूर देखना चाहिए। अच्छी वारंटी का मतलब है कि बनाने वाले को अपने प्रोडक्ट पर भरोसा है और कोई दिक्कत आने पर आपको चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

डील्स और आफर्स

त्योहारों की सेल, खास प्रमोशन या आफर के दौरान शापिंग करने से आप काफी पैसे बचा सकते हैं। कई प्रीमियम गैजेट्स त्योहारों की सेल के मौकों पर काफी सस्ते मिल जाते हैं।

कंपैटिबिलिटी

चार्जर, केबल, ईयरफोन, पावर बैंक, कीबोर्ड या स्मार्ट डिवाइस जैसी एक्सेसरीज खरीदने से पहले पक्का कर लें कि वे आपके मौजूदा डिवाइस के साथ काम करेंगी या नहीं। पहले से कंपैटिबिलिटी चेक करने से बिना वजह सामान वापस करने और फालतू खर्च से बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें- 5000 mAh बैटरी वाला नया 5G फोन लॉन्च, 6.67 इंच की 120Hz डिस्प्ले और फ्री कॉलिंग फीचर भी