भारत लौट आया अकाई ब्रैंड, नए अवतार में अपने प्रोडेक्ट्स के साथ बाजार में ली एंट्री
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का जापानी ब्रैंड अकाई एक बार फिर से भारत लौट आया है
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का जापानी ब्रैंड अकाई एक बार फिर से भारत लौट आया है। अकाई ने इस बार नए अवतार में अपने पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के साथ बाजार में प्रवेश किया है। शुरुआत में इसके उत्पाद लगभग पूरे उत्तर भारत में उपलब्ध कराये गए हैं।
प्रारंभ में इसके एलईडी टेलीविजन और वाशिंग मशीन बाजार में उपलब्ध कराई गई है। लेकिन दिसंबर के अंत तक एयर कंडीशनर और होम थियेटर जैसे उत्पाद भी मिलने लगेंगे। अकाई को भारत लाने की जिम्मेदारी इस बार होमटेक डिजिटल प्रा. लिमिटेड ने उठाई है।
अकाई के साथ होमटेक ने दस साल का अनुबंध किया है। अकाई के उत्पाद इससे पहले दो बार भारतीय बाजार में आ चुके हैं। लेकिन दोनों बार यह किसी न किसी ब्रैंड के साथ रहे। इसलिए अकाई ब्रैंड को बहुत अधिक तव्वजो कभी नहीं मिली। लेकिन इस बार होमटेक की योजना इस ब्रैंड को स्वतंत्र रूप से देश में स्थापित करने की है।
होमटेक के निदेशक अनुराग शर्मा ने बताया कि उनकी योजना तीसरी श्रेणी के ब्रैंड्स में अकाई को स्थापित करने की है। इसके उत्पादों को चरणबद्ध तरीके से बाजार में पेश किया जाएगा। पहली बार अकाई के उत्पादों के लिए देश में सर्विस सेंटर स्थापित किये गये हैं। अभी तक 50 सर्विस सेंटर स्थापित किये जा चुके हैं। शर्मा ने बताया कि कंपनी सर्विस की सुविधा वे ग्राहक भी उठा सकेंगे जो अकाई के पिछले दौर में इसके उत्पाद खरीद चुके हैं।
शर्मा ने बताया कि देश के सभी बड़े रिटेल चेन स्टोरों पर अकाई के उत्पाद उपलब्ध होंगे। अगले साल से उत्पाद ऑनलाइन भी उपलब्ध होंगे। दिसंबर के अंत तक उत्पादों की पूरी रेंज भारतीय बाजार में उपलब्ध होगी। उत्तर भारत के बाद कंपनी दक्षिण, फिर पश्चिम और अंत में पूर्वी भारत में अपने उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाएगी।