330 दिनों तक की सर्विस वैलिडिटी के साथ आते हैं BSNL के ये किफायती प्लान्स, कॉल-डेटा-SMS सब मिलेगा
प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों के महंगे होते रीचार्ज के बीच सरकारी कंपनी BSNL के लिए लंबी वैलिडिटी वाले किफायती प्लान्स के बारे में आइए जानते हैं।

BSNL के 330 और 300 दिनों वाले प्लान्स के बारे में जानें। Photo- ChatGPT.
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। सरकारी टेलीकॉम कंपनी Bharat Sanchar Nigam Limited (BSNL) के पास लंबी वैलिडिटी वाले दो खास प्रीपेड प्लान्स हैं, जिनकी कीमत 1,999 रुपये और 1,499 रुपये है। इन दोनों ही प्लान्स की वैलिडिटी लगभग एक जैसी है, लेकिन दोनों की कीमतों में काफी बड़ा अंतर देखने को मिलता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 1,999 रुपये वाला प्रीपेड प्लान 330 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ आता है, जबकि 1,499 रुपये वाला प्रीपेड प्लान 300 दिनों की सर्विस वैलिडिटी देता है। ये दोनों प्लान्स असल में 'प्लान वाउचर्स' हैं, जो इतनी लंबी सर्विस वैलिडिटी के साथ आते हैं कि यूजर्स बिना किसी परेशानी के अपने सिम कार्ड को लंबे समय तक एक्टिव रख सकते हैं। आइए दोनों प्लान्स के बेनिफिट्स को विस्तार से समझते हैं ताकि ये तय किया जा सके कि आपके लिए कौन सा प्लान ज्यादा बेहतर है।
BSNL का 1,999 रुपये वाला प्रीपेड प्लान
BSNL के 1,999 रुपये वाले प्रीपेड प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, 1.5GB डेली डेटा और डेली 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा इसमें 330 दिनों की पूरी वैलिडिटी पीरियड के लिए 10GB एक्स्ट्रा डेटा भी दिया जाता है। तय FUP (फेयर यूसेज पॉलिसी) डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 40 Kbps रह जाती है। अगर हर दिन के खर्च के हिसाब से देखें, तो इस प्लान को इस्तेमाल करने का एवरेज कॉस्ट करीब 6.05 रुपये प्रतिदिन बैठता है।
-1793294258680.webp)
BSNL का 1,499 रुपये वाला प्रीपेड प्लान
BSNL का 1,499 रुपये वाला प्रीपेड प्लान अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, टोटल 32GB डेटा और डेली 100 SMS के साथ आता है। इसमें भी FUP डेटा खत्म होने के बाद स्पीड घटकर 40 Kbps हो जाती है। इस प्लान में मिलने वाला 32GB डेटा एकमुश्त मिलता है, यानी आप चाहें तो इसे एक ही दिन में खर्च कर लें या फिर पूरी वैलिडिटी के दौरान थोड़ा-थोड़ा इस्तेमाल करें। इस प्रीपेड प्लान की सर्विस वैलिडिटी 300 दिनों की है। हर रोज के औसत खर्च के हिसाब से ये प्लान सिर्फ 4.99 रुपये प्रतिदिन का पड़ता है।
कौन सा BSNL प्लान आपके लिए ज्यादा बेहतर है?
अगर हर दिन के औसत खर्च की बात करें, तो BSNL का 1,499 रुपये वाला प्लान 1,999 रुपये वाले प्लान से काफी सस्ता पड़ता है। हालांकि, 1,499 रुपये वाले प्लान में मिलने वाला डेटा भी काफी कम है। अगर आप ऐसे यूजर हैं जिनका काम कम डेटा में चल जाता है और आपका मेन मकसद कॉलिंग और सिम एक्टिव रखना है, तो 1,499 रुपये वाला प्लान आपके लिए एकदम सही रहेगा। वहीं दूसरी तरफ, अगर आपको इंटरनेट चलाने के लिए रोज अच्छा-खासा डेटा चाहिए, तो 1,999 रुपये वाला प्लान आपके लिए बेहतर ऑप्शन है। सर्विस वैलिडिटी के मामले में दोनों ही प्लान्स लगभग एक जैसे हैं और लंबे समय तक रीचार्ज की टेंशन से मुक्ति देते हैं।
