स्मार्टवॉच बताएगी कब करना है वर्कआउट, AirPods में अब लाइव ट्रांसलेशन; Apple के नए वियरेबल्स में आए कमाल के फीचर्स
Apple ने अपने हालिया इवेंट में iPhone के साथ Apple Watch Series 12, Watch Ultra 4 और AirPods 5 भी ...और पढ़ें

Apple के नए वियरेबल्स की जानें खास बातें।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Apple के 9 सितंबर वाले इवेंट में भले ही iPhone Duo की सबसे ज्यादा चर्चा रही, लेकिन कंपनी ने अपनी Apple Watch और AirPods लाइनअप में भी कई बड़े बदलाव किए हैं। नई Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 में हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग को काफी बेहतर बनाया गया है, जबकि AirPods 5 में 50% बेहतर एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) और लाइव ट्रांसलेशन जैसे फीचर्स एड किए गए हैं। दूसरी तरफ, दो साल से ज्यादा समय से जिसका इंतजार किया जा रहा था, वह Siri AI भी अगले महीने से रोलआउट होना शुरू हो जाएगा।
Apple की दो नई स्मार्टवॉच: जानें सभी फीचर्स
हेल्थ फीचर्स (हर पांच सेकंड में हार्ट रेट ट्रैकिंग): दोनों नई Apple Watches के बैक पैनल पर नए ऑप्टिकल और इलेक्ट्रिकल हार्ट रेट सेंसर्स दिए गए हैं। दोनों वॉच अब पहले की तुलना में 24 गुना ज्यादा तेजी से हार्ट रेट वेरिएबिलिटी (HRV) को ट्रैक कर सकती हैं। दो लगातार दिल की धड़कनों के बीच के समय में आने वाले अंतर को HRV कहा जाता है, जिसे बॉडी रिकवरी और स्ट्रेस लेवल का अहम संकेतक माना जाता है।
एक्टिविटी ट्रैकिंग (सुबह बताएगी कब करना है वर्कआउट): बॉडी की कंडीशन को जांचकर वॉच सुबह ही 0 से 10 के बीच एक 'रेडीनेस स्कोर' देगी, जिससे पता चलेगा कि उस दिन शरीर को आराम देना है या नॉर्मल और बेहतर एक्सरसाइज करनी है। ये नया हेल्थ ट्रैकिंग सिस्टम चार तरह के डेली कंक्लूजन देगा- Recover, Pace Yourself, Ready और Go For It। ये सजेशन हालिया एक्टिविटी, ट्रेनिंग लोड, स्लीप डेटा और बॉडी के अलग-अलग वाइटल्स के आधार पर तैयार किए जाएंगे।

बैटरी और प्राइस
Apple Watch Series 12 में आउटडोर ट्रैकिंग के दौरान अब 10 घंटे तक की बैटरी मिलती है। वहीं रग्ड Watch Ultra 4 आउटडोर यूज़ में 50 घंटे तक और लो-पावर मोड में 84 घंटे तक चल सकती है। प्राइस की बात करें तो Series 12 की शुरुआती लॉन्च प्राइस 56,900 रुपये है, जबकि Watch Ultra 4 की शुरुआत 1,09,900 रुपये से होती है। दोनों के लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं और इनकी डिलीवरी 18 सितंबर से शुरू होगी।
AI फीचर्स: इसमें दिया गया ऑडियो इंटेलिजेंस फीचर सायरन, अलार्म या बच्चे के रोने जैसी जरूरी आवाजों को पहचानकर उन लोगों को अलर्ट कर सकेगा जिन्हें सुनने में परेशानी होती है। 'लाइव रिवाइंड' फीचर आसपास चल रही बातचीत के पिछले 15 सेकंड का टेक्स्ट समरी दिखाएगा। इसके अलावा वॉच में एक नया Shazam फीचर भी मिलेगा जो आसपास बज रहे गानों को तुरंत पहचान लेगा। हालांकि, इन ऑडियो फीचर्स को लेकर प्राइवेसी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
AirPods 5: 50% बेहतर बैकग्राउंड नॉइज कैंसिलेशन और लाइव ट्रांसलेशन
नए AirPods 5 पिछली जेनरेशन की तुलना में 50% ज्यादा बैकग्राउंड नॉइज को ब्लॉक करते हैं। इनमें लाइव ट्रांसलेशन का सपोर्ट भी दिया गया है। किसी दूसरी भाषा में बात करने वाले व्यक्ति के साथ कन्वर्सेशन के दौरान उनकी बात का तुरंत आपकी भाषा में ट्रांसलेशन सुनाई देगा। भारत में बायर्स के लिए बेस AirPods 5 का लॉन्च प्राइस 14,900 रुपये रखा गया है, जबकि वायरलेस चार्जिंग केस वाले मॉडल की कीमत 17,900 रुपये से शुरू होती है।
