हर कोई आपके ट्वीट पर नहीं कर पाएगा Reply, Twitter जल्द पेश करेगा ये विकल्प
Twitter जल्द ही 4 ऑप्शन पेश कर सकती है। इसके जरिए यूजर्स को इस बात की अनुमति मिलेगी कि उनके पोस्ट पर कौन रिप्लाई कर पाएगा
नई दिल्ली, टेक डेस्क। माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट Twitter अपने यूजर्स को उनके ट्वीट्स पर आने वाले रिप्लाईज पर ज्यादा कंट्रोल देन चाहता है। इसके लिए कंपनी जल्द ही 4 ऑप्शन पेश कर सकती है। इसके जरिए यूजर्स को इस बात की अनुमति मिलेगी कि उनके पोस्ट पर कौन रिप्लाई कर पाएगा। इस बात की जानकारी Twitter के प्रोडक्ट मैनेजर डायरेक्टर सुजान एक्सई ने CES 2020 में दी है।
जानें Twitter के इस रिप्लाई के बारे में: इस नए फीचर के तहत पहला विकल्प ग्लोबल होगा। इसे सेलेक्ट करने पर आपके पोस्ट पर कोई भी रिप्लाई कर पाएगा। वहीं, दूसरा विकल्प ग्रुप होगा। इसमें कुछ चुनिंदा लोग ही आपके ट्वीट पर रिप्लाई कर पाएंगे। ये वो लोग होंगे जो आपको फॉलो कर रहे होंगे या फिर मेंशन कर रहे होंगे। तीसरा विकल्प पैनल होगा। इसमें वो लोग शामिल होंगे जो बातचीन में शामिल होना चाहते हैं। वहीं, चौथा विकल्प स्टेटमेंट का होगा।
कई बार लोग अपने ट्वीट के चलते ट्रोल होने लगते हैं तो कई बार लोग जानबूझकर आपको बुली करते हैं। इस स्थिति में यह फीचर आपके बेहद काम आएगा। हालांकि, यह फीचर कब तक पेश किया जाएगा इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। लेकिन जब भी इसे लॉन्च किया जाएगा तो इसे ग्लोबली सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा। इसके लिए कंपनी एक स्पेशल कन्वर्सेशन व्यू फीचर भी जोड़ना चाहती है।
इससे पहले Twitter ने एक ऐसा फीचर पेश किया था जिसके मुताबिक यूजर्स बिना कंप्रेस किए फुल रेजोल्यूशन JPEG इमेज को अपलोड कर सकते हैं। Twitter के इस नए फीचर की जानकारी कंपनी के प्रोडक्ट टीम के एग्जीक्यूटिव्स Nolan O’Brien ने ट्वीट कर दी थी। इसमें उन्होंने बताया था कि अपलोडेड इमेज की क्वालिटी 97 फीसद की होगी। लेकिन जब यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल कर किसी पिक्चर को खोलेंगे तो उन्हें बेहतर क्वालिटी दिखाई देगी।