डूडल बना कर गूगल ने किया नुसरत फतेह अली खान का सम्मान
गूगल अपने होम पेज पर किसी खास दिन या किसी बड़ी शख्सियत को सम्मान देने के लिए डूडल बनाता है। मंगलवार को जब लोगों ने गूगल पर क्लिक किया, तब उन्हें प्रसिद्ध पाकिस्तानी कव्वाली गायक नुसरत फतेह अली खान के सम्मान में बनाया गया डूडल नजर आया।
नई दिल्ली। गूगल अपने होम पेज पर किसी खास दिन या किसी बड़ी शख्सियत को सम्मान देने के लिए डूडल बनाता है। मंगलवार को जब लोगों ने गूगल पर क्लिक किया, तब उन्हें प्रसिद्ध पाकिस्तानी कव्वाली गायक नुसरत फतेह अली खान के सम्मान में बनाया गया डूडल नजर आया।
इस डूडल में नुसरत साहब का कार्टूननुमा फोटो है जिसमें वे अपने ग्रुप/बैंड के साथ कव्वाली गाते दिख रहे हैं। इस डूडल पर क्लिक करते ही यह उस सर्च पेज पर ले जाता है, जिस टॉपिक पर यह डूडल बना है।
आपको बता दें कि मंगलवार 12 अक्टूबर को नुसरत फतेह अली खान का 67वां जन्मदिन है, लेकिन वे अब हमारे बीच नहीं हैं। 16 अगस्त 1997 को हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया था। नुसरत फतेह अली खान की कव्वाली में सूफियाना कलाम की झलक दिखती थी, जिसे सूफी मुस्लिम लोगों के लिए एक तरह का भक्ति संगीत माना जाता है।
तकरीबन 40 देशों में अपने परफॉर्मेंस से लोगों को दीवाना बना चुके नुसरत फतेह अली खान नॉन-स्टॉप लगातार 10 घंटों तक भी गा सकते थे।
नुसरत साहब को दुनियाभर में कई अवार्ड्स से सम्मानित किया गया। इनमें 'यूनेस्को म्यूजिक प्राइज' (1995) व पाकिस्तान द्वारा दिया गया 'प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस अवार्ड' प्रमुख रूप से शामिल है।