Kharmas 2019: आज सूर्य के मीन राशि में प्रवेश के साथ प्रारंभ हुआ ये माह नहीं होगा कोई शुभ कार्य
जब सूर्य देव मीन राशि में प्रवेश करते हैं तब खरमास का आरंभ होता है और समस्त शुभ कार्य एक माह के लिए रुक जाते हैं।
सूर्य के राशि परिवर्तन से होता है आरंभ
भारतीय ज्योतिष के 9 प्रमुख ग्रहों में से एक भुवन भास्कर सूर्य के मीन राशि में प्रवेश करने से खरमास का प्रारंभ होता है। ये अवधि एक माह तक रहती है आैर सूर्य के मीन से दूसरी राशि में गोचर करने के साथ समाप्त होती है। इस वर्ष आज 15 मार्च को भोर काल में 5 बज कर 42 पर सूर्य कुंभ राशि से मीन राशि में प्रविष्ट हो गए। इस स्थान पर एक माह यानि रविवार 14 अप्रैल 2019 तक रहेंगे। ग्रहों की इसी स्थिति को मलमास या खरमास कहते हैं। पितृपक्ष और चातुर्मास की तरह ही इस अवधि में भी शुभ और नए कार्य करना वर्जित होता है।
कब है खरमास 2019
पंडित दीपक पांडे ने बताया कि हिन्दू पंचांग के अनुसार सूर्य प्रत्येक राशि में एक महीने के लिए गोचर करता है। यानि साल भर के 12 महीनों में सूर्य 12 राशियों में भ्रमण करता है उसी के चलते शुभ अशुभ मुहूर्त बदलते रहते हैं। इसी क्रम में जब सूर्य देवगुरु बृहस्पति की राशि धनु या मीन में प्रवेश करता है तो खरमास प्रारंभ हो जाता है। इसी प्रकार 15 मार्च को सूर्य मीन राशि में प्रवेश कर रहा है आैर शुभ कार्य एक महीने के लिए बंद हो रहे हैं। इसके बाद जब वह 14 अप्रैल को मेष राशि में प्रवेश करेगा तभी शुभ कार्य दोबारा शुरू हो जायेंगे।
बंद रहेंगे शुभ काम
होलाष्टक 2019 के बाद खरमास लगने वाला है। इसके बाद सभी मांगलिक कार्य यानि शादी-विवाह, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, वधु प्रवेश, आदि वर्जित हो जायेंगे। एेसी मान्यता है कि इस दौरान सभी ग्रह गुरू बृहस्पति का पूजन करते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल 2019 से सहालग फिर से शुरू हो जायेंगी।