नई दिल्ली, Weekly Vrat Tyohar 30th January To 5th February 2023: पंचांग के अनुसार, जनवरी माह के आखिरी सप्ताह और फरवरी माह के पहले सप्ताह की शुरुआत होने वाली है। हिंदू धर्म के लिए यह सप्ताह काफी खास है। 30 जनवरी से शुरू हुआ ये सप्ताह 5 फरवरी 2023 को समाप्त होगा। इस सप्ताह रोहिणी व्रत, जया एकादशी, गुरु प्रदोष व्रत, ललिता जयंती जैसे व्रत त्योहार पड़ रहे हैं। आइए जानते हैं इस सप्ताह पड़ने वाले सभी व्रत त्योहारों के बारे में।
व्रत त्योहार (30 जनवरी से 5 फरवरी 2023)
31 जनवरी 2023, मंगलवार- रोहिणी व्रत
जैन धर्म के अनुयायियों के लिए रोहिणी व्रत काफी खास होता है। 27 नक्षत्रों में से एक रोहिणी नक्षत्र माना जाता है। इस दिन व्रत रखने का विधान है। इसी के कारण इसे रोहिणी व्रत के नाम से जानते हैं। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं। माना जाता है कि इस व्रत के प्रभाव से व्यक्ति को ईर्ष्या, द्वेष जैसे भावों से मुक्ति मिल जाती है।
1 फरवरी 2023, बुधवार- जया एकादशी
माघ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को जया एकादशी के नाम से जानते हैं। माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने के साथ व्रत रखने से व्यक्ति को हर कष्ट से निजात मिल जाती है इसके साथ ही पापों से मुक्ति मिल जाती है। जया एकादशी को भूमि एकादशी, भीष्म एकादशी नाम से भी जानते हैं। पंचांग के अनुसार, जया एकादशी तिथि 31 जनवरी 2023 को रात 11 बजकर 53 मिनट पर आरंभ हो रही है, जो 01 फरवरी 2023 को दोपहर 02 बजकर 01 मिनट तक समाप्त हो रही है। उदया तिथि के हिसाब से बुधवार को जया एकादशी का व्रत रखा जाएगा।

Jaya Ekadashi 2023: जया एकादशी कब? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्व
2 फरवरी 2023, गुरुवार- प्रदोष व्रत
हर मास के शुक्ल और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है। भगवान शिव को समर्पित इस व्रत को करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है और हर कष्ट से निजात मिल जाती है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ मां पार्वती की पूजा करने से भी लाभ मिलता है।
5 फरवरी 2-23, रविवार- माघ पूर्णिमा, ललिता जयंती
माघ पूर्णिमा 2023
माघ मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को माघ पूर्णिमा के नाम से जानते हैं। माघ पूर्णिमा को माघी पूर्णिमा भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है। क्योंकि इस दिन श्री हरि विष्णु गंगाजल में निवास करते हैं। इसलिए स्नान करने से व्यक्ति को हर कष्ट, रोग और पाप से मुक्ति मिल जाती है।
Magh Purnima 2023: माघ पूर्णिमा कब? जानिए तिथि, शुभ मुहूर्त और महत्व
ललिता जयंती
माघ माह की पूर्णिमा तिथि को ललिता जयंती भी मनाई जाती है। शास्त्रों के अनुसार मां ललिता को 10 महाविद्याओं में से एक माना जाता है। इसलिए ललिता जयंती के दिन मां की पूजा करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। मां ललिता को त्रिपुर सुंदरी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन अपनी सभी मनोकामनाओं को पूरा करने के लिए ललिता जयंती के दिन 'ऐं ह्रीं श्रीं त्रिपुर सुंदरीयै नमः:' के मंत्र का जाप कर सकते हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।