उत्तराखंड से हज जाएंगे 780 यात्री
इस बार उत्तराखंड से सिर्फ 780 यात्री ही हज करने मक्का-मदीना जा पाएंगे। इनमें 397 वो यात्री भी शामिल हैं, जो पिछले चार साल से लगातार हज यात्रा के लिए आवेदन कर रहे थे। इनका चयन 447 आवेदनों में से हुआ।
देहरादून। इस बार उत्तराखंड से सिर्फ 780 यात्री ही हज करने मक्का-मदीना जा पाएंगे। इनमें 397 वो यात्री भी शामिल हैं, जो पिछले चार साल से लगातार हज यात्रा के लिए आवेदन कर रहे थे। इनका चयन 447 आवेदनों में से हुआ।
राजधानी में गुरुवार को हज के लिए कुर्रा अंदाजी हुई। राज्यपाल डॉ.अजीज कुरैशी ने कंप्यूटर का बटन दबाकर पहली लाटरी निकाली। कुर्रा अंदाजी में प्रदेशभर से कुल 780 लोगों का हज यात्रा के लिए चयन हुआ। इनमें 383 यात्री 70 साल से अधिक आयु के हैं। जबकि, 397 का नंबर चार साल बाद आया है। इसके अलावा 50 यात्री प्रतीक्षा सूची में रखे गए हैं। यात्रा के लिए सूबे से 3769 लोगों ने आवेदन भरा था। राज्य हज कमेटी के चेयरमैन हाजी राव शेर मोहम्मद ने बताया कि इस बार मक्का मदीना में निर्माण कार्य के चलते सऊदी अरब सरकार ने भारत के हज कोटे में 20 प्रतिशत की कटौती की है। इसके चलते सूबे के कोटे में भी 281 यात्रियों की कमी आई। पिछले साल 1061 यात्री हज के लिए गए थे।
इस मौके पर निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुशील कुमार, संयुक्त सचिव सुनील पांथरी, मौलाना अलताफ हुसैन, मुफ्ती सलीम अहमद, शहरकाजी मोहम्मद अहमद कासमी, जमीर अहम द आदि मौजूद रहे।