मुस्लिम ने बनवाया मंदिर, मुस्लिमों ने किया हवन
ब्रज की धरती पर होली के दौरान सामाजिक भाईचारे का नया रंग बरसा। देखने वाले चमत्कृत थे तो सुनने वाले सहज विश्वास नहीं कर पा रहे थे। अजमल के मंदिर में शिव और हनुमान आदि देवता जो विराजमान होने वाले थे।
मथुरा। ब्रज की धरती पर होली के दौरान सामाजिक भाईचारे का नया रंग बरसा। देखने वाले चमत्कृत थे तो सुनने वाले सहज विश्वास नहीं कर पा रहे थे। अजमल के मंदिर में शिव और हनुमान आदि देवता जो विराजमान होने वाले थे।
मुस्लिम ग्राम प्रधान द्वारा अपनी जेब से बनवाए गए मंदिर में देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। पंडित जी मंत्र बोल रहे थे, तो मुस्लिम हवन में आहुति दे रहे थे। सामाजिक भाईचारे का ऐसा गुलाल उड़ा, जिसमें दोनों समुदाय के लोग सराबोर हो गए।
धर्म की खाई को पाटने की ये प्रेरणादायक बयार बहाने का स्रोत बना छाता क्षेत्र का छोटा सा गांव नगला बंजारा। यहां के ग्राम प्रधान हैं अजमल अली शेख। गांव में हिंदू-मुस्लिम रहते हैं, मगर मंदिर नहीं था। ग्राम प्रधान ने अपने साथी और वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशरफ अली शेख के साथ मिलकर आठ माह पहले मंदिर की नींव रखी। यह निश्चय भी किया कि मंदिर निर्माण दोनों अपनी जेब से कराएंगे। रविवार को इस मंदिर में शिव और हनुमान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। सुबह से गांव में चहल-पहल थी। मंदिर में पंडित जी मंत्रोच्चार कर रहे थे, तो अजमल, अशरफ और उनके कई साथी हवन में आहुति दे रहे थे। इसके बाद सभी ने मिलकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। गांव में शांति की प्रार्थना की।