सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान बने सात वर्ल्ड रिकॉर्ड
कुंभ नगरी में सिंहस्थ के दरमियान सात वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं, जो दुनियाभर में उज्जैन का मान बढ़ाएंगे।
उज्जैन। कुंभ नगरी में सिंहस्थ के दरमियान सात वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं, जो दुनियाभर में उज्जैन का मान बढ़ाएंगे। इनमें से चार की घोषणा कर दी गई है। शेष तीन रिकॉर्ड की घोषणा होना बाकी है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ज्यूरी के नेशनल हेड मनीष विश्नोई ने बताया सिंहस्थ अवधि में सात वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं, जिनमें से चार की घोषणा कर सर्टिफिकेट प्रदान किया जा चुका है।
पहला रिकॉर्ड एक रोटी बाबा के नाम से मशहूर ओंकारेश्वर के शिवोहम भारती के नाम बना, जिन्होंने उजड़खेड़ा क्षेत्र में ढाई लाख से ज्यादा मंत्रोच्चारित किताबों का सर्वाधिक 25 फीट ऊंचा पिरामिड बनाया था। दूसरा रिकॉर्ड साध्वी कनकेश्वरी देवी के बड़नगर रोड स्थित अस्थायी किचन शेड में 9 मई को सर्वाधिक 55 हजार से ज्यादा लोगों द्वारा भोजन किए जाने का बना।
तीसरा रिकॉर्ड 20 मई को 5 हजार से ज्यादा सफाई मित्रों द्वारा 5 मिनट में साढ़े तीन किमी लंबी सड़क की सफाई किए जाने का बना है। चौथा रिकॉर्ड अहमदाबाद के नंदकिशोर शर्मा द्वारा सर्वाधिक 4500 से ज्यादा भजन स्टेज परफारमेंस दिए जाने का बना है।
अब इनकी घोषणा होनी है
नदी में स्नान किए जाने का : 21 मई को शिप्रा में 80 लाख से ज्यादा लोगों ने स्नान किया। ऐसा पहली बार हुआ है। एक-दो दिन में आने के बाद इसका सर्टिफिकेट सरकार को प्रदान किया जाएगा।
ग्रुप में लंबी यात्रा का : 1 से 5 मई के बीच 13 लाख से ज्यादा लोगों ने पंचकोसी यात्रा की। हेडकाउंटिंग रिपोर्ट के आधार पर प्रमाणित होकर बने रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट जल्द जिला पंचायत को दिया जाएगा।
फ्री वाई-फाई इंटरनेट उपयोग का : सिंहस्थ क्षेत्र में 50 से ज्यादा स्थानों पर फ्री वाई-फाई इंटरनेट सुविधा का उपयोग 50 लाख से ज्यादा लोगों द्वारा किए जाने का रिकॉर्ड बना है, जिसकी घोषणा जल्द होगी।