कहीं लंगर तो कहीं पानी से कर रहे सेवा
गयाजी में पधारे लाखों पिंडदानियों की सेवा में यहां के लोग दिल खोलकर लगे हैं। जिसे जहां भी मौका मिल रहा है वहां पिंडदानियों की सेवा कर रहे हैं। यही वजह है कि विष्णुपद परिसर क्षेत्र में निरंतर कहीं लंगर चल रहा है, तो कोई मुफ्त में ठंडा पानी, चाय और बिस्कुट बांटे जा रहे हैं। सेवा भाव से प्रदर्शित करने में म
गया, नगर प्रतिनिधि। गयाजी में पधारे लाखों पिंडदानियों की सेवा में यहां के लोग दिल खोलकर लगे हैं। जिसे जहां भी मौका मिल रहा है वहां पिंडदानियों की सेवा कर रहे हैं। यही वजह है कि विष्णुपद परिसर क्षेत्र में निरंतर कहीं लंगर चल रहा है, तो कोई मुफ्त में ठंडा पानी, चाय और बिस्कुट बांटे जा रहे हैं। सेवा भाव से प्रदर्शित करने में महिलाएं भी पीछे नहीं है। पूरी श्रद्धा के साथ पिंडदानियों की सेवा में लगे हैं।
श्री लक्ष्मी नारायण सेवा समिति के मुख्य कार्यकत्र्ता शिव राम डालमिया की देखरेख में विष्णुपद परिसर में नित्यदिन 3 हजार लोगों का लंगर चल रहा है। लंगर में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा है। यहां का दृश्य ऐसा है कि एक पंक्ति बैठती है, तो दूसरे पंक्ति के लोग खड़े रहते हैं। समिति द्वारा मुफ्त में पूरी, सब्जी और जलेबी दी जा रही है। साथ ही ठंडे जल की भी व्यवस्था है।
इधर समिति के पंडाल के ठीक सामने पहली बार अग्रवाल परिवार ने सेवा और श्रद्धा के साथ एक छोटा सा पंडाल लगाया है। देखने में तो पंडाल छोटा है, परंतु अग्रवाल परिवार की महिलाएं पूरी श्रद्धा और आग्रह पूर्वक विष्णुपद पहुंचने वाले पिंडादानियों से अपने दो हाथ जोड़कर ठंडा जल, चाय और बिस्कुट ग्रहण करने का निवेदन करती है। इनके निवेदन को पिंडदानी स्वीकार कर लेते हैं और गर्मी से परेशान पिंडदानी अपने गले को ठंडे पानी से तर करते हैं। अग्रवाल परिवार के पुरुष, महिला और बच्चे पिंडदानियों से कहते है कि आओ महाराज जी थोड़ी ठंडा पानी पी लो। गर्मी से राहत मिलेगी। उसके बाद बिस्कुट के साथ चाय पीने का भी निवेदन करते हैं। यहां सभी चीजें पिंडदानियों को बिल्कुल मुफ्त में मिल रही है। अग्रवाल परिवार के कार्यकत्र्ता से जब पूछा गया कि प्रतिदिन कितने दूध की खपत होती है, तो वे बताते हैं कि रोजाना 80 से 90 किलो दूध की खपत होती है। पिंडदानियों को ठंडा पानी, चाय पीते देख दिल को बहुत सकून मिलता है। चलिए! इस बहाने पिंडदानियों की सेवा करने का मौका तो मिला।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर