निरंजनी अखाड़े की पेशवाई, हवाई जहाज से फूलों की वर्षा
पंच तपोनिधि श्री निरंजनी अखाड़े की पेशवाई सोमवार चारधाम मंदिर से निकली।
उज्जैन। पंच तपोनिधि श्री निरंजनी अखाड़े की पेशवाई सोमवार चारधाम मंदिर से निकली। पेशवाई में सीएम शिवराज सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान हवाई जहाज से फूलों की वर्षा भी की गई।
सदी के दूसरे महाकुंभ सिंहस्थ 2016 की इस तीसरी विशाल पेशवाई में जहां नागा संन्यासियों ने उत्साह से भाग लिया। हर-हर महादेव एवं जय महाकाल के उदघोष के साथ जहां पूरा पेशवाई मार्ग और उज्जैन शहर धर्ममय नजर आ रहा था वहीं पेशवाई में राधा-कृष्ण, ब्रह्मा, विष्णु और महेश की वेशभूषा में शामिल कलाकार भी आकर्षण के केन्द्र थे।
सीएम ने पेशवाई में सपत्नीक शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ जिला प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक डॉ.मोहन यादव, शिवनारायण जागीरदार सहित अन्य जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि सिंहस्थ के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्म को पूरी दुनिया देखेगी। महामण्डलेश्वर शांतिस्वरूपानंद और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्रगिरिजी ने भी संबोधित किया।
श्री निरंजनी अखाड़ा पंचायती की चार धाम से प्रारम्भ हुई भव्य पेशवाई में सबसे आगे ध्वजा लिये श्री महन्त चल रहे थे। उनके पीछे चांदी की पालकी में अखाड़े के ईष्टदेव विराजित थे। उसके बाद उत्साहपूर्वक अस्त्र-शस्त्र का करतब दिखाते हुए नागा संन्यासी चल रहे थे।
पेशवाई में 50 सफेद घोड़ों पर सवार नागा साधु सभी के आकर्षण का केन्द्र रहे। उनके पीछे बेंड बाजों के साथ 50 रथ पर सवार महामण्डलेश्वर श्री महन्त चल रहे थे। पेशवाई में करीब 25 बेंड, धार्मिक भजनों की स्वर-लहरियां बिखेर रहे थे। लोक नृत्य करते हुए आदिवासी नर्तक भी चल रहे थे। पेशवाई के दौरान वायुयान द्वारा पुष्प वर्षा भी की गई।
महामण्डलेश्वर पुण्यानंदजी, महामण्डलेश्वर बालकानंद सोमेश्वरानंद जी सहित 50 से अधिक महामण्डलेश्वर और श्री महन्त पेशवाई के साथ रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद स्वरूप उपहार भेंट कर रहे थे। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जमावड़ा था।