Bharini Nakshatra: बेहद चतुर होते हैं इस नक्षत्र के जातक, जानें कैसा होता है इनका स्वभाव
Bharini Nakshatra भरणी नक्षत्र को 27 नक्षत्रों में दूसरा स्थान प्राप्त है। इस नक्षत्र पर रोमांस के कारक ग्रह शुक्र और जोश एवं उत्साह के कारक ग्रह मंगल दोनों का ही प्रभाव पड़ता है।
Bharini Nakshatra: हम लगातार आपको नक्षत्रों के बारे में बताते आए हैं। हर नक्षत्र की अपनी खासियत होती है जिसका वर्णन हम अपने लेखों में पहले कर चुके हैं। आज भी हम एक नक्षत्र की जानकारी लाए हैं। इस नक्षत्र का नाम भरणी है। भरणी नक्षत्र को 27 नक्षत्रों में दूसरा स्थान प्राप्त है। इस नक्षत्र पर रोमांस के कारक ग्रह शुक्र और जोश एवं उत्साह के कारक ग्रह मंगल दोनों का ही प्रभाव पड़ता है। आइए ज्योतिषाचार्य पं. दयानंद शास्त्री से जानते हैं कि इस नक्षत्र में जन्मे लोग स्वभाव में कैसे होते हैं।
जानें भरणी नक्षत्र के बारे में:
जिन व्यक्तियों का जन्म भरणी नक्षत्र में होता है वो जातक धुन के पक्के होते हैं। अगर वो एक बार कुछ ठान लें तो उसे पूरा कर ही दम लेते हैं। ये काम को लटकाते नहीं हैं। इन्हें किसी भी काम को जल्दी से जल्दी पूरा करना होता है और यही इनकी विशेषता होती है। भरणी का अर्थ धारक होता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, दक्ष प्रजापति की एक पुत्री थी जिसका नाम भरणी था। इनका विवाह चंद्रमा से हुआ था। उसी के नाम पर इन नक्षत्र का नाम रखा गया था। भरणी नक्षत्र में यम का व्रत और पूजन किया जाता है।
यम इसके देवता हैं। यम या यमराज मृत्यु के देवता हैं। इन्हें सूर्य और संजना (छाया) का पुत्र माना जाता है। यम का अर्थ होता है जुड़वा। पौराणिक कथाओं में इन्हें यमी (यमुना) का जुड़वा भाई बताया जाता है। यम का अर्थ रोकने वाला भी होता है। अतः ये मानव जाति को रोकने वाले हैं। इन्हें नरक का स्वामी भी कहा गया है। यम न्याय के देवता व मृतात्मा के न्यायाधीश हैं। आत्मा को उसके कर्म अनुसार ये फल देते हैं। मान्यता है कि यम विवासत का पुत्र है। यम योग की आठ शाखाओं में से प्रथम शाखा है।
इस नक्षत्र में जो जातक जन्म लेते हैं वो बहुत ही चतुर होते हैं। दूसरों से पैसा निकलवाने की कला इनमें खूब होती है। इनका व्यक्तित्व बेहद आकर्षक होता है। इस तरह के व्यक्तित्व से ये जातक शत्रुओं को भी मित्र बना लेते हैं। लेकिन प्रेम प्रसंगों के कारण समाज एवं परिवार में अपमानित होना पड़ता है।
डिस्क्लेमर:
''इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना में निहित सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्स माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्म ग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारी आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना के तहत ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।''