अमरनाथ यात्रा: भक्तों की मुश्किलें बढ़ा सकता है हाईवे
जम्मू जोन के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आइजीपी) दानिश राणा का कहना है कि अमरनाथ यात्र पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा से बड़ी चुनौती जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग है। खस्ताहाल राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर धंस चुका है।
जम्मू। जम्मू जोन के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आइजीपी) दानिश राणा का कहना है कि अमरनाथ यात्र पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा से बड़ी चुनौती जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग है। खस्ताहाल राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर धंस चुका है।
सड़क पर इतने अधिक गड्ढे बन गए हैं कि उन पर वाहन चलाना कठिन हो रहा है। हाईवे के कई हिस्सों में भूस्खलन भी चुनौती पैदा कर रहा है। दानिश राणा ने कहा कि हाल ही में राज्यपाल एनएन वोहरा व पुलिस महानिदेशक कुमार राजेंद्रा ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की थी, जिसमें पुलिस कर्मियों की तैनाती पर चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि रामबन के नाशरी नाले पर हाईवे धंस रहा है। बटोत से बनिहाल तक हाईवे पर गड्ढे बन गए हैं। ऊधमपुर के नजदीक कुछ स्थानों पर हो रहे भूस्खलन को पुलिस चुनौती मान रही है। खराब राष्ट्रीय राजमार्ग व मौसम के मिजाज को देखते हुए इस बार राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों के ठहरने के लिए अधिक संख्या में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, यात्रा के दौरान पुलिस कर्मियों की तैनाती के बारे में दानिश राणा ने कहा कि पिछले वर्षो की तरह इस बार भी जवानों की तैनाती होगी। अमरनाथ यात्रा पर किसी प्रकार के आतंकी खतरे की बात सामने नहीं आई है।
अलबत्ता पुलिस किसी भी चुनौती से निपटने लिए तैयार है। आइबी पर घुसपैठ के सभी रास्ते बंद। हाल ही में हुए आतंकी हमलों से सबक लेते हुए पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ मिलकर सांबा व कठुआ में घुसपैठ के पुराने रूट (नाले व खड्डों) को बंद कर दिया है। आइबी के नजदीक सिक्योरिटी ग्रिड तैयार किया गया है, जिसमें सुरक्षाबलों के साथ स्थानीय लोगों को भी शामिल किया गया है ताकि राजबाग जैसे आतंकी हमले फिर न हो सके।