अमरनाथ यात्रा: बम बम भोले के जयकारे से शुरू हुआ बाबा बर्फानी का दर्शन
जम्मू में अमरनाथ यात्रा जारी है और दर्शनार्थियों का बड़ा जथ्था अमरनाथ पहुंच गया है। भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन लाभ के लिए उतावले हैं।
पहुंच गए बाबा के भक्त
कश्मीर राज्य के श्रीनगर शहर के उत्तर-पूर्व में स्थित अमरनाथ हिन्दुओ का एक प्रमुख तीर्थस्थल है। हर साल सावन महीने में यहां हिम से निर्मित बाबा बर्फानी के नाम से प्रसिद्ध पहाड़ की गुफा में स्थित शिव लिंग के दर्शन करने आते हैं। इस बार शिव दर्शन के मशहूर अमरनाथ यात्रा गत 29 जून को शुरू हुई थी और 30 जून को रास्ते में हुए भूस्खलन से कुछ समय के लिए इसमें बाधा आयी। एक जुलाई को यात्रा पुन: प्रारंभ हुई और 2 जुलाई को यात्रियों के पहले जथ्थे ने बर्फ के शिवलिंग के दर्शन किए। अभी भारी संख्या में लोग लगाता दर्शन के लिए पुहंच रहे हैं और बाबा के दर्शन के लिए व्याकुल हैं। ये यात्रा सात अगस्त को रक्षाबंधन तक चलेगी।
अदभुद है शिवलिंग
अमरनाथ की गुफा की प्रमुख विशेषता यहां बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग का बनना है। प्राकृतिक हिम से निर्मित होने के कारण इसे स्वयंभू हिमानी शिवलिंग भी कहते हैं। आषाढ़ पूर्णिमा से शुरू होकर रक्षाबंधन तक पूरे सावन महीने में होने वाले पवित्र हिमलिंग दर्शन के लिए लाखो लोग यहां आते है। गुफा की परिधि लगभग डेढ़ सौ फुट है और इसमें ऊपर से बर्फ के पानी की बूँदें जगह-जगह टपकती रहती हैं। यहीं पर एक स्थान पर इन टपकने वाली हिम बूँदों से लगभग दस फुट ऊंचा शिवलिंग बनता है। चन्द्रमा के घटने-बढ़ने के साथ-साथ इस बर्फ का आकार भी घटता-बढ़ता रहता है। श्रावण पूर्णिमा को यह अपने पूरे आकार में आ जाता है और अमावस्या तक धीरे-धीरे छोटा होता जाता है।