अंतिम शाही स्नान पर चलेंगी 800 बसें, प्रशासन ने की तैयारी
सिंहस्थ के अंतिम शाही स्नान (शनिवार को) के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पिछले स्नान में 550 बसों से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को उज्जैन ले जाया गया था।
इंदौर। शनिवार को होने वाले अंतिम शाही स्नान के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान बनाया है। अगर उज्जैन में वाहनों की भीड़ बढ़ी तो इंदौर से जाने वाले ट्रैफिक को सांवेर से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। सांवेर में भी दबाव बढ़ने पर इंदौर में भौंरासला में अस्थायी पार्किंग का इंतजाम किया जाएगा।
एएसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने बताया अंतिम शाही स्नान के लिए हम लगातार उज्जैन पुलिस से संपर्क में रहेंगे। वहां सूचना मिलते ही इंदौर से जाने वाले वाहनों रोकना शुरू कर देंगे। सांवेर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था होगी। अगर सांवेर में भी वाहनों की संख्या ज्यादा हुई तो वाहनों को सुपर कॉरिडोर और एमआर-10 पर खड़ा करवाया जाएगा। इसके अलावा शहर के बाहर से आने वाले वाहनों के लिए देवगुराडिया, भंडारी रिसार्ट, गांधी नगर मैदान, सिमरोल आदि जगह अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है।
उज्जैन पुलिस से मिले निर्देश से होगा सब तय
एएसपी ने बताया हमें जैसे ही ट्रैफिक शुरू करने का आदेश मिलेगा, वाहनों को छोड़ दिया जाएगा। वाहनों को स्टेप बाय स्टेप छोड़ा जाएगा। पहले सांवेर के वाहनों को आगे भेजा जाएगा। इसके बाद सुपर कॉरिडोर के वाहनों को आगे सांवेर तक भेजा जाएगा।
खुद का वाहन खड़ा कर बस से जाएं तो बेहतर
अधिकारियों ने बताया अगर उज्जैन जाना है तो प्रशासन द्वारा चलाई जा रही बसें एक बेहतर विकल्प है। यात्री अपने वाहनों को पार्किंग में खड़ा कर प्रशासन की बसों से जाएं तो वे सीधे नानाखेड़ा पहुंचेंगे। वाहनों को रोकने के दौरान भी इन बसों को कहीं नहीं रोका जाएगा।
ट्रेन से पहुंचे विक्रम नगर स्टेशन तक
वापसी में भी बसों से आया जा सकता है। इसके अलावा रेलवे द्वारा चलाई जा रही मेला स्पेशल ट्रेन से विक्रम नगर पहुंचा जा सकता है।
ये सावधानी रखें
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गर्मी ज्यादा है। ऐसे में यात्री कुछ सावधानी रखें। उज्जैन जाते समय अपने साथ पीने का भरपूर पानी रखें। इसके अलावा खाने का सामान भी साथ रहे। यदि भीड़ बढ़ने के दौरान आपको रोका जाए तो पानी पीते रहें, जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं हो पाए।
फैक्ट फाइल
- सांवेर में डेढ़ हजार वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था।
- सुपर कॉरिडोर पर एक हजार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था।
- 150 से अधिक पुलिसकर्मी इंदौर से सांवरे तक व्यवस्था में जुटेंगे।
- एक से दो घंटे तक रुकना पड़ सकता है अस्थायी पार्किंग पर।
कितनी देर में पहुंचेंगे
आम दिनों में इंदौर से उज्जैन पहुंचने में 55 मिनट लगते हैं, लेकिन शाही स्नान के दिन तीन से चार घंटे लग सकते हैं।
क्यों : रोड पर वाहनों का दबाव रहेगा, जिससे जगह-जगह जाम या वाहनों को रोकना पड़ सकता है।
अंतिम शाही स्नान पर चलेंगी 800 बसें, प्रशासन ने की तैयारी
सिंहस्थ के अंतिम शाही स्नान (शनिवार को) के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पिछले शाही स्नान में उमड़ी जबरदस्त भीड़ को देखते हुए इस बार प्रशासन ने 800 बसें चलाने की तैयारी कर ली है। पिछले स्नान में 550 बसों से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को उज्जैन ले जाया गया था।
सिंहस्थ के मद्देनजर प्रशासन ने करीब एक हजार बसें अधिग्रहित की थीं। इसके अलावा डेढ़ हजार बसों को भी तैयार रखा था। पहले शाही स्नान में करीब 250 बसें चली थीं, जबकि दूसरे में 550 बसें चलाई गई थीं।
आरटीओ एमपी सिंह ने बताया कि ये बसें चार बस स्टैंड गंगवाल, विजय नगर, तीन इमली और भौंरासला से चलेंगी। किराया 40 रुपए होगा। बस भरते ही रवाना हो जाएंगी। यात्रियों के दबाव को देखते हुए बसों की संख्या को बढ़ाया जा सकता है। पिछली बार की तरह रात में इंदौर से खाली बसें भी नानाखेड़ा रवाना की जाएंगी।