महाकुंभ: इनकी बेबसी का अब कौन सहारा
पुण्य की कामना में आए दर्जनों ऐसे श्रद्धालुओं के सामने अब भविष्य का सवाल है जो यहां अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी बेबसी और लाचारी का सहारा अब कोई नहीं दिखता। इसमें कुछ गत 10 फरवरी मौनी अमावस्या हादसे के शिकार हैं, कुछ बाद में मार्ग दुर्घटना में घायल हुए।
इलाहाबाद [शरद द्विवेदी]। पुण्य की कामना में आए दर्जनों ऐसे श्रद्धालुओं के सामने अब भविष्य का सवाल है जो यहां अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी बेबसी और लाचारी का सहारा अब कोई नहीं दिखता। इसमें कुछ गत 10 फरवरी मौनी अमावस्या हादसे के शिकार हैं, कुछ बाद में मार्ग दुर्घटना में घायल हुए। किसी की टांग टूटी है, किसी का हाथ काम नहीं कर रहा। दर्द की कराह से पूरा वार्ड सहम जाता है। नहीं पिघलता तो उनका दिल जिन पर उन्हें मरहम देने की जिम्मेदारी है। अधिकारी जो बीत गई सो बीत गई की तर्ज पर इन मरीजों के प्रति उदासीन हो चले हैं। मध्य प्रदेश के भिंड से आई विद्या देवी (55) दस फरवरी को मौनी अमावस्या की भगदड़ में अपना हाथ तुड़वा बैठीं। एसआरएन के कुंभ वार्ड नंबर दो में भर्ती हैं। चेहरे पर बेबसी, आंखों में आंसू लिए वहां आने वाले हर व्यक्ति को अपना हाथ दिखाकर मदद की गुहार करती हैं। इनके साथ भिंड की ही आयुषी शर्मा (18) का कूल्हा टूट गया है, वह बैठने में असमर्थ हैं। कमलाकर मिश्र का पांव टूट गया है, उनका आपरेशन नहीं किया जा रहा। इसके बीच बजट न होने का रोना-रोया जा रहा है। वार्ड नंबर सात में 17 फरवरी को भर्ती पाल बाई (85) की व्यथा सुनने वाला कोई नहीं है। चेन्नई के जीवन लाल (74) 12 फरवरी को बेहोशी की हालत में भर्ती कराए गए, चोट का दर्द तो वह भूल गए परंतु वापस कैसे पहुंचे, यह सोचकर परेशान हैं।
ये मरीज हैं भर्ती-
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के वार्ड नंबर दो में भिंड मध्य प्रदेश की आयुषी शर्मा (18), विद्या देवी (55), लखनऊ की शकुंतला देवी (37), पन्ना की बवैयाबाई (35), घूरपुर के हीरालाल पटेल (65), ऊंचडीह की रीशा शुक्ला (38), कीडगंज का पवन हेला (28), दिल्ली के प्रकाश खन्ना (67), दरभंगा की रामकला देवी (73), कांती देवी (47), मेजा की सरस्वती देवी (46), लोहगरा के नंदलाल (67), सतना के हरिप्रकाश त्रिपाठी (23) व कमलाकर मिश्र भर्ती हैं। जबकि वार्ड नंबर सात में विदिशा की पालबाई (85), चेन्नई के जीवन लाल (74) व बांदा के दीप (25) इलाज करा रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर