Lakshmi Jayanti 2023: लक्ष्मी जयंती आज, जानिए पूजा का शुभ मुहूर्त मुहूर्त, विधि और महत्व
Lakshmi Jayanti 2023 लक्ष्मी जयंती को माता लक्ष्मी के अवतरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस विशेष दिन पर समुद्र मंथन के दौरान माता लक्ष्मी प्रकट हुई थीं। ऐसे में लक्ष्मी जयंती के दिन कई लोग धन-समृद्धि की प्राप्ति के लिए व्रत का पालन करते हैं।
नई दिल्ली, अध्यात्म डेस्क | Lakshmi Jayanti 2023 Kab Hai: हिन्दू धर्म में माता लक्ष्मी की उपासना को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उनकी उपासना के लिए लक्ष्मी जयंती पर्व को अत्यंत शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार प्रत्येक वर्ष फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के दिन लक्ष्मी जयंती पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन ही माता लक्ष्मी समुद्र मंथन के दौरान प्रकट हुई थीं। हिन्दू धर्म में माता लक्ष्मी को धन और समृद्धि की देवी के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि लक्ष्मी जयंती के दिन विधि-विधान से माता लक्ष्मी की उपासना करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं और साधकों को धन एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं, लक्ष्मी जयंती पर किस समय करें माता लक्ष्मी की उपासना, पूजा विधि और महत्व?
लक्ष्मी जयंती 2023 तिथि और शुभ मुहूर्त (Lakshmi Jayanti 2023 Shubh Muhurat)
हिन्दू पंचांग के अनुसार फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ 06 मार्च 2023, बुधवार को शाम 04 बजकर 17 मिनट पर होगा और इस तिथि का समापन 07 मार्च 2023, मंगलवार को 06 बजकर 09 मिनट पर हो जाएगा। उदया तिथि के अनुसार लक्ष्मी जयंती पर्व 07 मार्च 2023, मंगलवार के दिन मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस दिन देश के विभिन्न हिस्सों में होलिका दहन का अयोजन भी किया जाएगा।
लक्ष्मी जयंती पूजा विधि (Lakshmi Jayanti 2023 Puja Vidhi)
लक्ष्मी जयंती पर ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान-ध्यान करें और साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद सूर्य को अर्घ्य प्रदान करें। फिर एक साफ चौकी पर नया वस्त्र बिछाएं और उसपर थोड़ा गंगाजल छिड़क दें। इस बात ध्यान रखें कि आपका मुख पूर्व दिशा में हो। इसके बाद चौकी पर कमल पर विराजमान माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। इसके बाद मंत्रोचारण के साथ मां को गंध, पुष्प, धूप, अक्षत, सिंदूर, चंदन, कमल का फूल और श्रृंगार का सामान अर्पित करें। भोग के रूप में माता लक्ष्मी को खीर और पंच फल चढ़ाएं। ऐसा करने के बाद चौमुखी दीपक जलाएं और लक्ष्मी स्तोत्र व अंत आरती का पाठ करें।
लक्ष्मी जयंती पूजा महत्व (Lakshmi Jayanti 2023 Importance)
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लक्ष्मी जयंती पर विधि-विधान से माता लक्ष्मी की उपासना करने से साधक को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है और धन से जुड़ी समस्याएं दूर हो जाती हैं। इस विशेष दिन पर नया कार्य शुरू करना, नया घर खरीदना, नया वाहन खरीदना इत्यादि जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को शुभ माना जाता है।
डिसक्लेमर- इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।