बुधवार के दिन भगवान गणेश की ऐसे करें भक्ति, जीवन में इन चीज़ों का जरूर होगा आगमन
धार्मिक ग्रंथों में किसी भी पूजा में सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करने का विधान है। ऐसा कहा जाता है कि इनकी पूजा करने से व्यक्ति के जीवन से सभी मुश्किलें दूर हो जाती हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित होता है। इस दिन विघ्नहर्ता की पूजा-उपासना की जाती है। धार्मिक ग्रंथों में किसी भी पूजा में सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करने का विधान है। ऐसा कहा जाता है कि इनकी पूजा करने से व्यक्ति के जीवन से सभी मुश्किलें दूर हो जाती हैं। भगवान गणेश को मोदक अति प्रिय है। अतः हर बुधवार के दिन पूजा के समय उन्हें मोदक और दूर्वा अवश्य भेंट करें। अगर आप भगवान गणेश की निरंतर पूजा करते रहेंगे तो आपके जीवन में इन चीज़ों का जरूर आगमन होगा-
किस्मत संवर जाती है
ऐसी मान्यता है कि अगर कोई व्यक्ति हर बुधवार को श्रद्धापूर्वक भगवान गणेश की पूजा करता है तो उसकी किस्मत बहुत जल्द संवर जाती है। इससे व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है।
बुद्धि प्राप्त होती है
भगवान गणेश का गज मस्तिष्क बुद्धि का प्रतीक है। अगर कोई व्यक्ति भगवान गणेश की दिल से भक्ति करता है, तो उस पर उनकी कृपा अवश्य बरसती है। इससे व्यक्ति के बुद्धि, विद्या-शक्ति में बढ़ोत्तरी होती है।
सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं
भगवान गणेश को विघ्नहर्ता भी कहा जाता है। इसका अर्थ है कि व्यक्ति के जीवन से सभी मुश्किलों और बाधाओं को दूर करना। भगवान गणेश अपने भक्तों की सच्ची पुकार सुन उनके दुःख और दर्द जरूर दूर करते हैं।
धैर्य बढ़ता है
भगवान गणेश के कान बड़े-बड़े हैं, जो धैर्य को दर्शाता है। अगर कोई व्यक्ति भगवान गणेश की निरंतर एकाग्रचित होकर पूजा करता है तो उसमें धैर्य का आगमन होता है।
आत्मा शुद्ध हो जाती है
भक्ति एक ऐसी धारा है, जो व्यक्ति के तन-मन को पवित्र कर देता है। इससे शरीर का शुद्धिकरण भी होता है और वाणी में मधुरता आती है। ऐसा कहा जाता है कि भगवान गणेश की पूजा करने से व्यक्ति के विचारों में निपुणता आती है।