नई दिल्ली, Falgun Month 2023: हिंदी पंचांग के अनुसार, माघ पूर्णिमा के पश्चात फाल्गुन महीने की शुरुआत होती है। इस महीने में महाशिवरात्रि और होली मनाई जाती है। इसके अलावा, विजया एकादशी, यशोदा जयंती, जानकी जयंती, आमलकी एकादशी भी मनाई जाती है। शास्त्रों में निहित है कि देवों के देव महादेव और आदिशक्ति स्वरूपा मां पार्वती फाल्गुन माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को परिणय सूत्र में बंधें हैं। इसके लिए फाल्गुन माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इस दिन साधक भगवान शिव और माता पार्वती के निमित्त व्रत उपवास करते हैं। साथ ही भक्ति भाव से महादेव और माता पार्वती की पूजा उपासना करते हैं। इसके लिए देशभर में महाशिवरात्रि की धूम रहती है। वहीं, फाल्गुन पूर्णिमा को होली मनाई जाती है। अत: फाल्गुन महीने का विशेष महत्व है। हालांकि, फाल्गुन महीने में कई बातों का ख्याल भी रखना चाहिए। आइए जानते हैं कि फाल्गुन महीने में क्या करें और किन चीजों से परहेज करें-
फाल्गुन महीने में क्या करें
-फागुन का महीना देवों के देव महादेव को समर्पित होता है। इस महीने में शिवरात्रि मनाई जाती है। इसके लिए फाल्गुन में महादेव की पूजा उपासना श्रद्धा भाव से करें।
-फाल्गुन महीने में तामसिक भोजन और मदिरा का सेवन न करें। साथ ही आसुरी प्रवृत्ति का त्याग करें। मन और मस्तिष्क महादेव के ध्यान में लगाएं।
-फाल्गुन महीने को रंगों का महीना भी कहा जाता है। इस महीने में होली मनाई जाती है। इसके लिए पूजा में आप अबीर का इस्तेमाल कर सकते हैं। भगवान को अबीर जरूर अर्पित करें। साथ ही रंग बिरंगे वस्त्र भी धारण कर सकते हैं।
-धर्म पंडितों की मानें तो फाल्गुन महीने में सामान्य पानी से स्नान करना श्रेष्ठकर होता है। इसके लिए फाल्गुन महीने में गर्म पानी से स्नान न करें।
-इस महीने में मौसमी फलों का सेवन अधिक से अधिक करें। संध्याकाल में भी फल का सेवन कर सकते हैं।
- फाल्गुन महीने में किसी का अपमान न करें। किसी को कटु शब्द न बोलें। न ही किसी के प्रति ईष्या और द्वेष की भावना रखें।
डिसक्लेमर- इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।