Number 7 Numerology 2021: इस वर्ष वेतन में होगी वृद्धि, पढ़ें अंक 7 का वार्षिक अंकफल
Number 7 Numerology 2021 नववर्ष आ चुका है। नया साल नई उम्मीदें लेकर आया है। जागरण अध्यात्म में आज हम अंक ज्योतिष के आधार पर आपको बता रहे हैं कि आपके लिए नया साल 2021 कैसा रहेगा। अंक 7 वाले पढ़ें अपना वार्षिक अंकफल।
Number 7 Numerology 2021: अंक ज्योतिष के जरिये आप के जीवन में होने वाली घटनाओं और उनसे आपके करियर से लेकर लव लाइफ और स्वास्थ्य तक पर पड़ने वाले प्रभावों के बारें में जान सकते हैं। ऐसे में हम अंक ज्योतिष की इस प्राचीन विधा के जरिए आपको बताएंगे कि नववर्ष 2021 का पूरा साल आपके लिए कैसा बीतेगा, जीवन के किस क्षेत्र में आपको सफलता प्राप्त होगी और कहां आपको अधिक सावधानी रखने की आवश्यकता है।
नववर्ष 2021
वर्ष 2021 का कुल योग 5 (2+0+2+1+=5) है और अंक 5 का संबध स्वतंत्रतापूर्ण जीवन, यात्राओं, परिवर्तनों और नए लोगों से मुलाकातों से है। अतः वर्ष 2021 में लोग व्यावसायिक और निजी जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपेक्षाकृत रूप से अधिक उत्सुक रहेंगे। हालांकि इस दौरान जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए आपको अपने धैर्य और समझदारी का परिचय भी देना होगा।
यहां बताया गया अंक भविष्यफल आपके मूलांक पर आधारित है और यह मूलांक आपकी जन्म तिथि के जरिए ज्ञात किया जाता है। तो आइये जानते है कि आपके लिए वर्ष 2021 कैसा रहेगा-
वर्ष 2021: अंक 7 का भविष्यफल (जिनका जन्म 7, 16, 25 तारीख को हुआ हो)
नाम अक्षर: O तथा Z
स्वभाव: आप किसी व्यक्ति, परिस्थिति या किसी भी चीज का बहुत बारीकी से विश्लेषण करने की गजब की क्षमता रखते हैं। किसी चीज के बारे में लम्बे समय तक पूरी एकाग्रता के साथ गहन अध्ययन व शोध करना आपको पसंद है। मूलांक 7 के व्यक्ति बेहद कल्पनाशील भी होते हैं, जिन्हें सिर्फ अपनी शर्तों पर जीना पसंद होता है।
अंक फल: अंक ज्योतिषी विजय कुड़ी के मुताबिक अंक 7 का स्वामी ग्रह केतु है। वर्ष 2021 का पहला भाग आपके लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा, लेकिन मई महीने के बाद आपका भाग्य पूरे वर्ष आपके साथ रहेगा, इसलिए शुरुआती कुछ समय को धैर्य के साथ निकाल लें। इस अवधि में कोई बड़ा निर्णय भले ही न लें, परन्तु आगे के लिए पूरी तैयारी जरुर रखें। बड़े निर्णय लेने के तरीके और महत्वपूर्ण चीजों को देखने के नजरिये में आये परिवर्तन से आपको इस वर्ष सर्वाधिक लाभ होगा। यह आपको न सिर्फ समस्याओं के लिए अच्छा समाधान प्रदान करेगा, बल्कि आपके लिए नए अवसरों का भी निर्माण करेगा।
करियर: अधिकारी आपके कार्य से संतुष्ट रहेंगे और आपके वेतन वृद्धि की भी सम्भावना है। विद्यार्थी पढ़ाई में कुछ लापरवाही बरत सकते हैं। कुछ अनावश्यक बातें और गतिविधियां आपका ध्यान बार-बार भटकाएंगी। अगर आप इन्हें खुद पर हावी नहीं होने देते हैं, तो वर्ष 2021 में आपको प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त होने की प्रबल सम्भावना है।
आर्थिक स्थिति: आपकी आर्थिक स्थिति में वर्ष 2021 की मध्यावधि से सुधार आना शुरू होगा। संतान के सम्बन्ध में जरुर आपके खर्चे कुछ हद तक बढ़ सकते हैं। लेकिन आप अन्य व्यर्थ के खर्चों पर नियंत्रण रख पायेंगे, जिससे साल के अंत तक आपकी बचत में भी इजाफा होगा। आपको कुछ आवश्यक कामों के लिए ऋण भी लेना पड़ सकता है, लेकिन इससे आपकी आर्थिक स्थिति पर ज्यादा नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
परिवार: शादीशुदा जीवन में कुछ छोटी-मोटी बातों को लेकर मतभेद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी बातों को ज्यादा आगे न बढ़ाएं क्योंकि यह मतभेद कुछ समय में स्वतः ही समाप्त भी हो जायेंगे।
स्वास्थ्य: त्वचा सम्बन्धी कुछ छोटी-मोटी समस्याएं जरुर हो सकती है। इसके अलावा इस वर्ष आपको स्वास्थ्य से जुड़ी ज्यादा बड़ी समस्या नहीं होगी, लेकिन फिर भी लापरवाही न बरतें। बेहतर स्वास्थ्य बनाये रखने के लिए तली-भूनी चीजों और जंक फ़ूड से कुछ दूरी बनानी होगी। अगस्त का महीना थोड़ा परेशान कर सकता है।
शुभ अंक: 7, 10, 19, 28
शुभ रंग: पीला
शुभ दिन: रविवार, सोमवार और गुरुवार
7 जन्मांक वाली मशहूर शख्सियतें: महेंद्र सिंह धोनी, कैटरीना कैफ, सर आइज़क न्यूटन, पिकासो, करण जौहर, अरविन्द केजरीवाल और शाहिद कपूर।