लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
पृथ्वी पर गंगा मैया के अवतार का पर्व ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के अवसर पर बृहस्पतिवार को देश के विभिन्न भागों से आए लगभग सात लाख गंगा भक्तों ने ब्रजघाट गंगा तट पर मोक्षदायिनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
ब्रजघाट। पृथ्वी पर गंगा मैया के अवतार का पर्व ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के अवसर पर बृहस्पतिवार को देश के विभिन्न भागों से आए लगभग सात लाख गंगा भक्तों ने ब्रजघाट गंगा तट पर मोक्षदायिनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। दशहरा मेला सकुशल संपन्न होने पर मेला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। प्रशासनिक अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम भी नहीं लगा, जिस कारण श्रद्धालुओं को जाम की आपदा नहीं झेलनी पड़ी।
छिटपुट अव्यवस्थाओं के बीच तीन दिन तक चलने वाला ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। दशहरा मेला गंगा स्नान पर्व पर साक्षी बनने के लिए दो दिन पूर्व से ही श्रद्धालुओं का तीर्थनगरी ब्रजघाट में आगमन शुरू हो गया। बुधवार की शाम तक तीर्थनगरी के सभी आश्रम व धर्मशाला श्रद्धालुओं से खचाखच भर चुके थे, जिस कारण हजारों श्रद्धालुओं को रैन बसेरों व खुले आसमान के नीचे गंगा तट पर रात गुजारनी पड़ी। भीषण गर्मी के कारण बुधवार की अद्र्ध रात्रि के उपरांत ही श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान प्रारंभ कर दिया था। श्रद्धालुओं के गंगा स्नान का यह सिलसिला बृहस्पतिवार की सायंकाल तक जारी था। श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को वैदिक मंत्रोचारण के बीच जल अर्पित करते हुए पूजा अर्चना की। महिला श्रद्धालुओं ने लोकगीतों के बीच बच्चों के मुंडन संस्कार, नौका पूजन, गंगा पूजन जैसे विभिन्न कार्य पूर्ण किए। वहीं श्रद्धालुओं ने नगर के प्रसिद्ध मंदिरों में अपने अपने अराध्य देवी देवताओं के दर्शन कर प्रसाद का वितरण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दशहरा पर्व के दौरान गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के कार्य, वाचिक व मानसिक जैसे दस पापों का नशा हो जाता है। लगभग सात लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपने पाप से मुक्ति पाई। नगर में विभिन्न स्थानों पर धनाढ्य वर्ग के श्रद्धालुओं ने मीठे शरबत का वितरण कराया। मेले की व्यवस्था चाक चौबंद बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार, एसडीएम पुष्पराज सिंह व पुलिस उपाधीक्षक ब्रिजेश कुमार श्रीवास्तव तीन दिन से तीर्थ नगरी ब्रजघाट में डेरा डाले हुए थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम न लगने व कोई अप्रिय घटना न होने पर मेला अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर