संगीत सुनें कार्यक्षमता बढ़ाएं
अगर आपको लगता है कि संगीत फुर्सत के पलों में ही सुनना चाहिए तो आपको इस पर दोबारा विचार करने की ज़रूरत है। शोध के अनुसार वर्कप्लेस में विभिन्न परिस्थितियों के हिसाब से अनुकूल संगीत सुनने से व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है। इस बारे में जानकारी दे रही है सखी।
अगर आपको लगता है कि संगीत फुर्सत के पलों में ही सुनना चाहिए तो आपको इस पर दोबारा विचार करने की जरूरत है। शोध के अनुसार वर्कप्लेस में विभिन्न परिस्थितियों के हिसाब से अनुकूल संगीत सुनने से व्यक्ति की कार्यक्षमता बढती है। इस बारे में जानकारी दे रही है सखी।
कार्यस्थल में विभिन्न मौकों पर उपयुक्त प्रकार का संगीत सुनने से व्यक्ति की मानसिक व भावनात्मक स्थिति बेहतर होती है। काम के प्रति सकारात्मक नजरिया पैदा होता है। यह बात कई रिसर्चेज में साबित हो चुकी है। बहुत सारे लोग काम के दौरान इंस्ट्रुमेंटल बैकग्राउंड म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं। यह सही तरीका है क्योंकि लिरिक्स वाला संगीत सुनने से दिमाग के लैंग्वेज सेंटर्स एक्टिवेट हो जाते हैं जो भाषा से संबंधित कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं, जैसे लेखन, अध्ययन या बातचीत। आइए वर्कप्लेस के हिसाब से मुफीद संगीत के बारे में जानते हैं।
मोटिवेशनल
इस प्रकार का संगीत आपको आत्मविश्वास देता है और ऊर्जावान बनाता है। आपकी रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित करता है। एक शोध के अनुसार जरूरी मीटिंग या ऐसी परिस्थितियों से पहले जिनमें आत्मविश्वास जगाने की जरूरत हो, प्रेरणादायक संगीत सुनने के सकारात्मक नतीजे मिलते हैं। मीटिंग से कुछ घंटे पहले इस तरह का संगीत सुनना फायदेमंद रहता है।
रिपीटीटिव
जिस काम में फोकस की जरूरत न हो, उसे करने के दौरान ऊर्जा से भरा और रिपीटीटिव म्यूजिक सुनना फायदेमंद रहता है। शोध में यह बात सामने आई है कि इस प्रकार का संगीत व्यक्ति की अलर्टनेस और फोकस बढाने में मदद करता है। ई-मेल चेक करने जैसे विभिन्न रूटीन कामों के दौरान कॉन्स्टेंट, सहज रिदम वाला संगीत सुनना चाहिए।
शास्त्रीय
यह सर्वविदित है कि शास्त्रीय संगीत सुनने से दिमाग और शरीर को तनाव से राहत मिलती है। इसे काम के दौरान सुनने के कई फायदे हैं, जैसे संतुलित पल्स व हार्ट रेट, स्ट्रेस हार्मोंस व बीपी के स्तर में कमी आदि। ऐसे सेक्टर्स जिनमें लोगों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करना होता है, उनमें काम के बीच शास्त्रीय संगीत सुनना ठीक रहता है।
पॉप
डेटा एंट्री जैसे काम करते समय पॉप म्यूजिक सुनना बेहद फायदेमंद रहता है। इस संबंध में हुए एक शोध में यह बात सामने आई कि शांत माहौल में एंट्री करने वाले लोगों की तुलना में पॉप म्यूजिक सुनते हुए एंट्री करने वाले लोग अपना काम 58 प्रतिशत कम समय में पूरा कर पाए।
फास्ट व स्लो म्यूजिक
सामान्य तौर पर फास्ट म्यूजिक हमारे अंदर ऊर्जा का संचार करता है और हमारी जागरूकता बढाता है। वहीं दूसरी ओर स्लो म्यूजिक हमें शांत और रिलैक्स्ड महसूस कराता है। अगर आप एनर्जेटिक मूड में बेहतर काम करते हैं तो आपको फास्ट म्यूजिक सुनना चाहिए। वहीं अगर आप शांत वातावरण में बेहतर ढंग से काम कर पाते हैं तो स्लो म्यूजिक सुनें।
ध्यान रहे
- अगर किसी काम में उच्च स्तरीय एकाग्रता की जरूरत है तो उसे करने के दौरान संगीत सुनने से बचें।
- अगर आपकी और आपके कलीग्स की पसंद संगीत के मामले में नहीं मिलती है तो हेडफोन लगाकर संगीत सुनें। यह जरूरी है कि आपकी वजह से कोई डिस्टर्ब न हो।
- जिस तरह हर घंटे काम से ब्रेक लेना जरूरी है उसी तरह म्यूजिक से भी हर घंटे ब्रेक लेना जरूरी है। हर घंटे के बाद म्यूजिक से पांच मिनट का ब्रेक लें।
प्रस्तुति : सखी फीचर्स