पावर विमेन का पावर लुक
परिधान ऐसे जिनका हर रंग, हर सिलवट और हर रेशा आत्मविश्वास की कहानी कहता है। यहां बात हो रही है आज की स्त्री के परिधानों की जो उसके व्यक्तित्व की तरह ही समर्थ नजर आते हैं। पावर लुक के बढ़ते चलन पर सखी की नजर।
वह आज की स्त्री है। उसे खुद पर यकीन है और यही यकीन उसे आसमां की ऊंचाइयां बख्शता है। उसे चारदीवारी तक सीमित रखना या किसी भ्रम में रखना अब संभव नहीं रहा। वह हर ज्यादती का न सिर्फ पुरजोर विरोध करती है बल्कि अकेले बिना किसी सहारे के ही अपने अधिकारों को हासिल करने में भी कामयाब होती है। स्त्री के स्वभाव में आए इन बदलावों से उसके समूचे व्यक्तित्व का कायापलट हो गया है। उसकी पसंद का कांटा माइल्ड लुक से हट कर पावर लुक पर आ टिका है। फैशन डिजाइनर्स की निगाह में पावर लुक स्त्री की दुनिया में आए सामाजिक बदलावों का सबसे बडा गवाह है।
पावर कलर्स हैं हिट
आमतौर पर यह समझा जाता है कि स्त्रियों को बेहद डेलिकेट फैब्रिक्स और माइल्ड कलर्स वाले परिधान पसंद होते हैं। लेकिन आज की स्त्री ने खुद के बारे में प्रचलित दूसरे कई मिथकों की तरह इस मिथक को भी तोडा है। फैशन डिजाइनर अंजू मोदी कहती हैं, मैं आज की स्त्री की ऊर्जा और शक्ति देखकर हतप्रभ हूं। आज स्त्रियों की वॉर्डरोब में आपको पावर कलर्स और रफ-टफ फैब्रिक्स वाले परिधान प्रमुखता से देखने को मिलेंगे। खादी कॉटन या जूट कॉटन जैसे फैब्रिक्स के परिधान ठीक रहते हैं। साथ ही सही रंगों का चुनाव भी जरूरी है। अगर आप ऑफिस में पावर लुक फ्लॉन्ट करना चाहती हैं तो ये परिधान इसमें आपकी मदद करेंगे। वहीं कैजुअल पावर लुक क्रिएट करने के लिए रेड, ऑरेंज, येलो या ब्ल्यू जैसे वाइब्रेंट कलर्स के परिधान ठीक रहेंगे।
सेना से प्रेरित फैशन
इन दिनों स्त्रियों को सेना से प्रेरित परिधानों का चलन भी काफी लुभा रहा है। इस बारे में फैशन डिजाइनर अंजू मोदी कहती हैं, जिस तरह सेना दुश्मनों के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध होती है, उसी तरह आज की स्त्री भी अपने खिलाफ होने वाले हर जुल्म के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है। उसकी यह प्रतिबद्धता उसके पहनावे में भी नजर आ रही है। यही वजह है कि सेना से प्रेरित परिधान स्त्रियों के वॉर्डरोब में जगह बना रहे हैं। मिलिट्री प्रिंट वाली शर्ट्स, ट्राउजर्स और बैग्स के साथ ही मिलिट्री लुक वाली कैप्स का चलन भी बढा है।
मेटल एंबेलिशमेंट्स
पावर लुक फ्लॉन्ट करने में मेटल एंबेलिशमेंट्स भी अहम भूमिका निभाती हैं। इनमें मिलिट्री और प्वाइंटेड मेटल एंबेलिशमेंट्स शामिल हैं। डिजाइनर कनिका सलूजा चौधरी कहती हैं, कैक्टस खराब से खराब परिस्थितियों में भी जिंदा रह लेता है। इसी तरह नुकीली मेंटल एंबेलिशमेंट्स वाले परिधान और एक्सेसरीज भी जिजीविषा को दर्शाते हैं। हर मुश्किल का सामना करने को तैयार आज की स्त्रियां इस लुक से खुद को बखूबी कनेक्ट करती हैं और यही वजह है वे नुकीली एंबेलिशमेंट्स वाले परिधानों और एक्सेसरीज को पसंद कर रही हैं। इसके अलावा मिलिट्री यूनिफॉर्म में इस्तेमाल होने वाली मेटल एंबेलिशमेंट्स का भी पावर लुक आधारित ड्रेसेज में इस्तेमाल किया जा रहा है।
पावर लुक गाइड
आज की स्त्री अपने लुक में फेमिनिटी के साथ ही स्ट्रेंथ को भी दर्शाना चाहती है। फैशन डिजाइनर किरण उत्तम घोष बताती हैं कि यह कॉम्बिनेशन कई तरीकों से क्रिएट किया जा सकता है। किरण के अनुसार, पावर लुक इन तरीकों से क्रिएट किया जा सकता है-
- वाइब्रेंट कलर की मिलिट्री एंबेलिशमेंट्स वाली ड्रेस पहनकर
- कोई ऐसी ड्रेस पहनकर जिसका आगे का पोर्शन रेड कलर का है तो पीछे का मिलिट्री ग्रीन
- स्लिट वाली डीप ब्लैक कलर्ड स्कर्ट के साथ स्टोल को साडी के पल्लू के स्टाइल में ड्रेप करके
- शार्प शोल्डर डीटेलिंग वाली ड्रेसेज पहनकर।
यह डीटेलिंग ब्रास या कॉपर की हो सकती है
- फुटवेयर में ब्लैक पंप्स कैरी करें
- क्लासिक ज्यूलरी पीसेज अच्छे लगेंगे
ज्योति द्विवेदी