राजस्थान यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता को अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं से खतरा, दर्ज कराई शिकायत
यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा ने उदयपुर में अपनी ही पार्टी के लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी से जुड़े लोगों से बताया जान का खतरा। (सोशल मीडिया)
HighLights
डॉ. दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी से खतरा बताया।
पूर्व प्रत्याशी विवेक कटारा के समर्थकों पर आरोप।
उदयपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के बीच उदयपुर में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी से जुड़े लोगों से जान को खतरा बताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
उनका आरोप है कि पूर्व मंत्री स्व. खेमराज कटारा के बेटे एवं उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विवेक कटारा के समर्थकों ने उन्हें धमकी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मामले में गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. दिव्यानी कटारा की ओर से दर्ज रिपोर्ट में किशन डांगी, भरत रामानुज और अवित खराड़ी के नाम बताए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 4 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे किशन डांगी ने उनके टीम मेंबर को फोन किया। उस समय डॉ. दिव्यानी भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जुड़ी हुई थीं।
आरोप है कि फोन पर धमकी देते हुए कहा गया कि ‘आपकी लीडर डॉ. दिव्यानी के आज से उल्टे दिन शुरू हैं। उन्हें तो हम कहीं पर भी रोककर मार सकते हैं।’ डॉ. दिव्यानी ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी जान-माल को गंभीर खतरा बताया है। साथ ही उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जातिगत गालियां और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया है।
विवेक कटारा ने पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि उनका मकसद पार्टी हित में था। उनका कहना था कि चुनाव के दौरान डॉ. दिव्यानी जहां भी जाएं, पार्टी के लोगों के साथ जाएं। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और ब्लॉक अध्यक्ष ने उनसे इस संबंध में सवाल किए थे, जिसके बाद उन्होंने फोन किया।
