5-स्टार होटल में 10 दिन की लग्जरी लाइफ... ₹5.74 लाख का चूना लगाकर उदयपुर से फरार हुआ टूरिस्ट परिवार
उदयपुर के एक 5-स्टार होटल में दिल्ली के एक परिवार ने 10 दिन रुकने के बाद ₹5.74 लाख का बिल चुकाए बिना फरार हो गया।

(यह इमेज AI से बनाई गई है)
HighLights
उदयपुर के ओबेरॉय उदय विलास में ₹5.74 लाख का बिल।
दिल्ली का परिवार 10 दिन रुककर बिना भुगतान फरार।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान का उदयपुर पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसकी सुंदरता को दूर-दराज से पर्यटक निहारने आते हैं। लेकिन हाल ही में एक टूरिस्ट परिवार ने ऐसा कांड कर दिया, जिससे शहर के नामी 5 स्टार होटल को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
दिल्ली निवासी अनुराग यादव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उदयपुर घूमने आए थे। उन्होंने शहर के प्रतिष्ठित होटल ‘द ओबेरॉय उदय विलास’ को 10 दिनों के लिए बुक करवाया। परिवार 14 अगस्त से 23 अगस्त तक होटल में ठहरा। इस दौरान उन्होंने होटल की सारी लक्जरी सुविधाओं का भरपूर आनंद लिया।
चेकआउट पर बिल देने से इनकार
24 अगस्त को चेकआउट के समय होटल प्रबंधन ने 5.74 लाख रुपये का बिल पेश किया। अनुराग यादव ने बिल चुकाने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि यह राशि ट्रेवल एजेंसी देगी। इसके बाद पूरा परिवार होटल से फरार हो गया।
ट्रेवल एजेंसी ने किसी डील से इनकार
होटल प्रबंधन के अनुसार, 12 अगस्त को मेकर बाहा ट्रेवल एजेंसी ने ई-मेल के जरिए अनुराग यादव की बुकिंग कराई थी। एजेंसी ने साफ कहा है कि बुकिंग के दौरान बिल भुगतान संबंधी कोई विशेष डील नहीं हुई थी। होटल ने इस धोखाधड़ी की शिकायत उदयपुर के अंबामाता थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक रूप से मामला टूरिस्ट और ट्रेवल एजेंसी के मिलकर धोखाधड़ी करने का लग रहा है। आरोपी अनुराग यादव दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनके खिलाफ जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस परिवार के ठिकाने का पता लगाने और एजेंसी की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।यह घटना पर्यटकों और होटल प्रबंधन दोनों के लिए सबक है। उदयपुर पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
