उदयपुर के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर ने बिग-बी को पहेली में उलझाया
उदयपुर के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर डॉ. अनुज भटनागर ने कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18 में 5 लाख रुपये जीते।

जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अनुज भटनागर ने केबीसी में जीते 5 लाख

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर डॉ. अनुज भटनागर ने कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18 में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचकर न सिर्फ 5 लाख रुपए जीते, बल्कि अपनी हाजिरजवाबी से बिग-बी को भी सवालों में उलझा दिया।
27 अगस्त को प्रसारित एपिसोड में अनुज 12वें सवाल तक पहुंचे। 12.5 लाख रुपए के भारत, जॉर्डन और जाम्बिया से जुड़े सवाल का जवाब गलत होने पर उनका सफर 5 लाख रुपए की जीत के साथ समाप्त हुआ।
चार लाइन की पहेली से कराया ‘मैं कौन हूं?’ का अंदाजा
शो में अमिताभ ने अनुज से परिचय पूछा तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय चार लाइन की पहेली सुनाते हुए कहा कि इसे सुनकर आपको सोचना पड़ेगा कि ‘मैं कौन हूं?’
बाद में उन्होंने बताया कि वे टैक्स ऑफिसर हैं और उदयपुर में GST डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि जिस विभाग का वे प्रतिनिधित्व करते हैं, वह राजस्थान के कुल राजस्व में करीब 45 प्रतिशत योगदान देता है।
पिता का सपना किया पूरा
अनुज ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार भटनागर की इच्छा थी कि परिवार का कोई सदस्य केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचे। पत्नी डॉ. रितु भटनागर और बेटे हर्षवर्धन के साथ मंच पर पहुंचे अनुज ने पिता का सपना पूरा किया। अमिताभ ने उनकी पीएचडी और ‘माइनिंग इन मेवाड़’ थीसिस पर भी चर्चा की।
बातचीत के दौरान अनुज ने अमिताभ से उनके और अभिषेक बच्चन के बीच अंतर पूछा। अमिताभ ने अभिषेक को दोस्त जैसा बताते हुए दोनों की समानताओं और खानपान की आदतों का जिक्र किया।
उन्होंने अपने पिता कवि हरिवंश राय बच्चन की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराधिकारी बनने के लिए केवल बेटा होना नहीं, योग्यता जरूरी है।
