6 साल के विराज शर्मा ने रचा इतिहास, 47 किलो वजन उठाकर इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम
उदयपुर के 5 साल 11 महीने के विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में ...और पढ़ें

उदयपुर के 6 साल के विराज ने 47 किलो बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
HighLights
उदयपुर के विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया।
5 साल 11 महीने की उम्र में इन्फ्लुएंसर्स बुक में नाम दर्ज।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सात रिकॉर्ड हासिल किए।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर के महज 5 साल 11 महीने के विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर वेटलिफ्टिंग की दुनिया में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। खास बात यह है कि विराज का खुद का वजन करीब साढ़े 17 किलो है।
5 सितंबर 2026 को लवकुश स्टेडियम स्थित वेटलिफ्टिंग सेंटर में 47 किलो वजन उठाकर उसने इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया।
विराज के पिता वैभव शर्मा के अनुसार, उनका बेटा वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग में अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सात रिकॉर्ड व सम्मान हासिल कर चुका है। उसका नाम नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है।
उसे वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया पुरस्कार भी मिला है। इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से उसे वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग में विश्व का सबसे कम उम्र का बच्चा बताया गया है। भारत सरकार की ओर से भी उसे ‘सुपर टैलेंटेड किड-वन इन ए मिलियन’ सम्मान मिल चुका है।
विराज ने 25 अगस्त को 35 किलो वजन 14 सेकंड में तीन बार उठाकर नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इसके पांच-छह दिन बाद 38 किलो वजन उठाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया। इसके बाद 42 किलो और अब 47 किलो वजन उठाकर उसने अपने ही प्रदर्शन को पीछे छोड़ा।
विराज पिछले करीब छह महीने से वेटलिफ्टिंग कर रहा है। पिता उसे बेसबॉल खिलाने ले गए थे, जहां पास में वेटलिफ्टिंग सेंटर देखकर विराज ने खुद यह खेल सीखने की इच्छा जताई। फिलहाल वह लवकुश इंडोर स्टेडियम की व्यायामशाला में जूनियर ट्रेनर ओमप्रकाश पटेल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहा है।
विराज के पिता वैभव शर्मा होटल व्यवसाय से जुड़े हैं और स्वयं भी वेटलिफ्टिंग में 12 बार राजस्थान, एक बार राष्ट्रीय और दो बार अंतरराष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं। मां गृहिणी हैं। सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एचकेजी के छात्र विराज की प्रतिभा की पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी सराहना कर चुके हैं।
पिता के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उसे जयपुर आमंत्रित किया है। नई दिल्ली में प्रस्तावित खेलो इंडिया आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष विराज के वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग प्रदर्शन की योजना भी है।
