उदयपुर में डिवाइडर से टकराकर ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, दो मेडिकल छात्रों की दर्दनाक मौत
उदयपुर में देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो मेडिकल छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

उदयपुर सड़क हादसे में दो की मौत।
HighLights
उदयपुर में देबारी-अंबेरी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर ट्रेलर से भिड़ी।
दो मेडिकल छात्रों की मौत, दो अन्य गंभीर घायल।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद रॉन्ग साइड में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की पूरी बॉडी पिचक गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
एक युवक और एक युवती की मौत
हादसा प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रामदेवजी मंदिर से करीब 100 मीटर दूरी पर शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक और एक युवती को मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे मृतक
मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार (25) पुत्री रघुनाथ परिहार के रूप में हुई है। वहीं हरियाणा निवासी शशांक सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण और एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हैं। युवती का नाम अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि कार में सवार चारों युवक-युवतियां उमरड़ा स्थित पेसिफिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
