राजस्थान: खेत में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 15 क्विंटल बारूद बरामद
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां से 15 क्विंटल बारूद और हजारों तैयार पटाखे जब्त किए गए।

राजस्थान में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़
HighLights
चित्तौड़गढ़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़।
15 क्विंटल बारूद और हजारों पटाखे बरामद।
नौ आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर करीब 15 क्विंटल बारूद, हजारों तैयार पटाखे और निर्माण सामग्री बरामद की है।
डीएसटी और डूंगला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग को डिटेन किया गया है। पुलिस ने फैक्ट्री के कथित मास्टरमाइंड को भी नामजद किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कासरना गांव से गुर्जनियां जाने वाले मार्ग पर हिम्मतसिंह राजपूत के खेत में बने मकान में भारी मात्रा में बारूद, गंधक और पटाखे बनाने की सामग्री जमा कर अवैध फैक्ट्री चलाई जा रही है। सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश दी तो मकान के अंदर विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा मिला।
तैयार पटाखे और निर्माण सामग्री जब्त
पुलिस ने मौके से सुतली बम और नलियों वाले बारूदी पटाखों से भरे कट्टे, बारूद के 14 कट्टे और दो कार्टन, सुतली के 11 कट्टे, खाली पटाखा नलियों के 25 कट्टे तथा पीले पाउडर के 15 कट्टे जब्त किए। इसके अलावा गोंद, बत्तियां, पेस्ट, प्लास्टिक टब और पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान खेत में बने मकान में बिना अनुज्ञा पत्र बारूद का भंडारण कर पटाखे बनाए जा रहे थे। तैयार माल को बिक्री के लिए भेजने की तैयारी थी। यहां विस्फोट होने पर बड़े स्तर पर जनहानि हो सकती थी।
मध्य प्रदेश और गुजरात के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मध्य प्रदेश के हरदा और बुरहानपुर जिलों तथा गुजरात के डीवा क्षेत्र से जुड़े नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो नाबालिग को भी डिटेन किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
