विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान में अवैध खनन रोकने गए वन रेंजर को डंपर से कुचला, 50 मीटर तक घसीटा; इलाज के दौरान मौत

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:05 PM (IST)

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में अवैध खनन रोकने गए एक वन रेंजर को खनन माफिया के डंपर ने कुचल दिया।

प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने गए रेंजर को डंपर से कुचला

प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने गए रेंजर को डंपर से कुचला

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र में खनन माफिया ने एक क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) की जान ले ली। वह अवैध खनन रोकने गए तब एक डंपर के जरिए उन्हें चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद डंपर रेंजर को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल रेंजर ने निंबाहेड़ा जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।घटना के बाद डंपर और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत (40), निवासी मेडी का अमरा, शंभूपुरा (चित्तौड़गढ़), सोमवार रात करीब 11:30 बजे अवैध खनन की सूचना पर श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास पहुंचे थे। यहां तालाब के पास जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी और मिट्टी से भरा डंपर मौके से निकल रहा था।

रोकने के प्रयास में बाइक को मारी टक्कर

रेंजर को देखते ही जेसीबी और डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगे। प्रताप सिंह ने बाइक से डंपर का पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया।

इसी दौरान डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रेंजर डंपर की चपेट में आ गए और करीब 50 मीटर तक घसीटते चले गए। घटना के बाद दोनों चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

छोटीसादड़ी थाना अधिकारी कैलाश चंद्र सोनी ने बताया कि रात करीब 11:45 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल प्रताप सिंह को छोटीसादड़ी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें निंबाहेड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी विशाल जांगिड़ और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर और जेसीबी को जब्त कर लिया है।