जयपुर में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आए चार लोग, पिता और तीन बेटों की एक साथ उठी अर्थी
जयपुर में एक बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आकर पिता चंद्रप्रकाश बागरिया और उनके तीन बेटों की मौत हो गई।
-1783531956779_m.webp)
जयपुर में हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जयपुर में बेकाबू ट्रेलर ने पिता-तीन बेटों को कुचला।
राजसमंद के जेतपुरा गांव में एक साथ उठी चार अर्थियां।
लोकसभा अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को सहायता का भरोसा दिया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। जयपुर में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले पिता और उसके तीन बेटों का बुधवार को राजसमंद जिले के जेतपुरा गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
एक ही परिवार की चार अर्थियां उठने और पिता के साथ तीन बेटों की चिता जलने का हृदयविदारक दृश्य देख पूरा गांव गम में डूब गया। गांव में किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला और अंतिम यात्रा में शामिल हर आंख नम दिखाई दी।
ट्रेलर के नीचे आकर चार लोगों की मौत
मंगलवार को जयपुर के अजमेर रोड पर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे चंद्रप्रकाश बागरिया (40) और उनके बेटे गोपाल (11), रमेश (10) तथा दीपक (8) को एक ट्रेलर ने कुचल दिया था। तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी देवी के दोनों पैर भी कुचल गए हैं और उनका उपचार जारी है। स्वजन के अनुसार चंद्रप्रकाश जयपुर में झाड़ू बनाने का काम करता था और परिवार के साथ गांव लौटने की तैयारी में था। घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ने भी शोक व्यक्त कर परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
