विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान के भीलवाड़ा में सड़क हादसा, डॉक्टर दंपती समेत चार की मौत

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:34 PM (IST)

कवाई-अटरू हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मांडल उपजिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेश गजराज, उनकी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और उनके दो बच्चों की मौत हो गई।

राजस्थान के भीलवाड़ा में सड़क हादसा।

राजस्थान के भीलवाड़ा में सड़क हादसा।

HighLights

  1. कवाई-अटरू हाईवे पर कार-बल्कर की भीषण टक्कर में हादसा।

  2. डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हुई।

  3. मांडल अस्पताल सहित चिकित्सा जगत में शोक की लहर।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। कवाई थाना क्षेत्र में कवाई-अटरू हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मांडल उपजिला अस्पताल के अस्पताल प्रभारी (पीएमओ) डॉ. सुरेश गजराज, उनकी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के पास कार और बलकर की भिड़ंत से हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दंपती के शव कार में फंस गए।

जानकारी के अनुसार मूलरूप से सूरजगढ़, झुंझुनूं निवासी और वर्तमान में जयपुर में रहने वाले डॉ. सुरेश गजराज 19 सितम्बर को पत्नी डॉ. शालिनी और दोनों बच्चों के साथ बारां आए थे। परिवार यहां रिश्तेदार के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था। मंगलवार सुबह सभी कार से जयपुर लौट रहे थे।

इसी दौरान कवाई-अटरू हाईवे पर कार की बलकर से टक्कर हो गई। हादसे में डॉ. सुरेश, डॉ. शालिनी और उनके बच्चों स्वपनिल व निलिशा की मौत हो गई।

सूचना पर कवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को कार से बाहर निकालकर अटरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

डॉ. सुरेश गजराज और डॉ. शालिनी मौर्य पिछले करीब चार वर्षों से भीलवाड़ा जिले के मांडल उपजिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। डॉ. सुरेश अस्पताल प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। दोनों चिकित्सकों और उनके बच्चों की मौत की खबर से मांडल उपजिला अस्पताल सहित चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।