विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: प्रतापगढ़ में बस की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, सास-दामाद की मौत

Published: Mon, 24 Aug 2026 12:32 PM (IST)

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में एक भीषण सड़क हादसे में सास और दामाद की दर्दनाक मौत हो गई, ...और पढ़ें

(एआई द्वारा बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

(एआई द्वारा बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद क्षेत्र में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में सास और दामाद की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला और उसके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अरनोद के फरेड़ी फंटा पर निजी बस और कार की आमने-सामने टक्कर से हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों को पहले अरनोद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रतापगढ़ जिला अस्पताल और बाद में मंदसौर रेफर किया गया।

गोतमेश्वर मंदिर से लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के जावरा क्षेत्र के बन्नवाड़ा निवासी सुनील जायसवाल (44) अपनी पत्नी प्रियंका (30), डेढ़ वर्षीय बेटे अथर्व और साढ़े तीन साल की बेटी शीवी के साथ प्रतापगढ़ के गोतमेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए थे।

लौटते समय फरेड़ी फंटा के पास उनकी कार निजी बस से टकरा गई। हादसे में सुनील और उनकी सास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी प्रियंका तथा दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

टक्कर की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए घायलों को निजी वाहनों से अरनोद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे रेफर किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार देवहिंग, अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा और गिरदावर निलेश बैरागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत कार्य में ग्रामीणों की मदद की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

सुनील के छोटे भाई ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही उनके बड़े भाई ने बच्चों के लिए खिलौने खरीदे थे। परिवार खेती करता है। मंदिर में दर्शन के बाद परिवार खुश होकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।