राजस्थान में विस्फोटक से भरी पिकअप में धमाका, 10 फीट दूर गिरा इंजन
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में विस्फोटक से भरी पिकअप में भीषण धमाका हुआ, जिससे चालक की मौत हो गई और आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा।

पिकअप में जबरदस्त धमाका।
HighLights
भीलवाड़ा में विस्फोटक से भरी पिकअप में भीषण धमाका।
हादसे में पिकअप चालक राम अवतार की मौत।
धमाके से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा।
हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। धमाके से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए। गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, मृतक की पहचान बूंदी निवासी राम अवतार के रूप में हुई है।
मलबे में मिला चालक का शव
धमाके के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मलबे में चालक का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। विस्फोट के कारणों और पिकअप में रखे विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाने के लिए फारेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
