राजस्थान: डूंगरपुर हाईवे पर केमिकल टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, ड्राइवर की जलकर मौत
डूंगरपुर में नेशनल हाईवे-48 पर एक तेज रफ्तार केमिकल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। ...और पढ़ें
-1791215070013_m.webp)
डूंगरपुर हाईवे पर केमिकल टैंकर पलटने से भीषण आग
HighLights
डूंगरपुर में नेशनल हाईवे-48 पर केमिकल टैंकर पलटा।
टैंकर पलटने के बाद लगी आग में ड्राइवर जिंदा जला।
हादसे में ड्राइवर का भांजा गंभीर रूप से घायल हुआ।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर रविवार शाम करीब 4 बजे गोगा फला के पास तेज रफ्तार केमिकल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही टैंकर में आग लग गई।
हादसे में टैंकर के अंदर फंसे ड्राइवर राजाराम चौहान (26) की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि उसका भांजा जगदीश मौर्य (18) घायल हो गया। टैंकर में एसिड भरा होने से केमिकल सड़क पर फैल गया और धुआं उठने लगा। हादसे के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
बड़ौदा से उत्तर प्रदेश जा रहा था टैंकर
पुलिस के अनुसार टैंकर बड़ौदा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। गोगा फला के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटने के साथ ही उसमें भरा एसिड बाहर फैलने लगा और आग लग गई। केमिकल के संपर्क में आने वाले स्थानों से भी धुआं उठने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टैंकर में फंसा रहा ड्राइवर
हादसे के समय राजाराम टैंकर के अंदर फंस गया और आग की चपेट में आने से बाहर नहीं निकल सका। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेल्पर के रूप में साथ जा रहा उसका भांजा जगदीश टैंकर से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन हादसे में घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों मध्यप्रदेश के धार जिले के पूरा टांडा गांव के निवासी बताए गए हैं।
दमकल ने बुझाई आग, सड़क से हटाया टैंकर
सूचना पर डूंगरपुर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटवाया। हादसे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। करीब आधे घंटे बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
